सरे शाम युवक से लुटेरों ने मारपीट कर बाइक लूटी

फर्रुखाबाद: थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के पचपुखरा कन्हैया रोड पर बुआ के साथ दवाई लेकर लौट रहे हरसिंहपुर निवासी शैलेन्द्र पुत्र छविनाथ सिंह को मारपीट कर घायल करने के बाद लुटेरे बाइक लेकर फरार हो गये।

मिली जानकारी के मुताबिक शैलेन्द्र की बुआ काफी दिनों से बीमार चल रहीं थीं। जिसकी वह दवा लेकर देर शाम शैलेन्द्र की बाइक पर बैठकर जा रही थी। तभी अचानक पचपुखरा कन्हैया रोड पर अज्ञात हमलावरों ने चलती बाइक से शैलेन्द्र व उसकी बुआ पर हमला बोल दिया। काफी खींचतान के बाद आखिर दोनो बाइक से गिर गये। बाइक से गिरते ही बदमाशों ने दोनो को जमकर पीटकर लहूलुहान कर दिया और बाइक लेकर फरार हो गये।

मामला मोहम्मदाबाद व मऊदरवाजा थाने का होने की बजह से दोनो थाने की पुलिस घंटों तक अपने अपने थानों में बैठकर सीमा ही नापती रही। मौके पर मऊदरवाजा थाने से दो सिपाही पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घायल बुआ भतीजे को ठंडी सड़क स्थित एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। इसके बाद मीडिया द्वारा एएसपी को पुलिस के न पहुंचने की सूचना दी गयी। एडीशनल के निर्देश पर पुलिस हरकत में आयी।