समस्याओं से जूझ रहे किसानों ने किया प्रदर्शन

0
108

शमसाबाद (फर्रुखाबाद): थाना शमसाबाद क्षेत्र के फैजबाग चौराहे पर भारतीय किसान यूनियन हरपाल गुट के किसान नेताओं ने एक बैठक कर 6 सूत्रीय मांगें रखीं। इस दौरान किसानों ने जमकर प्रदर्शन किया व जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार ने समस्याओं का निस्तारण करने का भरोसा दिलाकर शांत किया।

[adrotate banner="3"]

शमसाबाद क्षेत्र के फैजबाग तिराहे पर हुई बैठक में किसानों ने कहा कि गंगा कटरी क्षेत्र के गांव काशिमपुर तराई व सुतिहार के किसानों की पैतृक जमीन है जोकि चौरा व गुटैटी दक्षिण के दबंग माफिया द्वारा जबरिया कब्जा कर लिया गया है। जिसे शीघ्र ही खाली कराया जाये। किसानों को उचित रेट पर बालू दी जाये। घरेलू कार्य के लिए मिट्टी खनन से रोक हटायी जाये। सरकारी नलकूपों व नहरों से आमपासी नहीं ली जाये। किसानों से की जा रही अवैध वसूली को रोका जाये। शासन द्वारा किसानों की कर्ज माफी की गयी है लेकिन 50 हजार कर्ज वसूली के लिए किसानों को आर सी जारी की जा रही है। जिसे रोका जाना चाहिए। इसके साथ ही किसानों को बीपीएल व अंत्योदय कार्ड दिये जायें।

वहीं शमसाबाद क्षेत्र के ग्राम कुइयांखेड़ा में आये दिन ट्रांसफार्मर फुंक जाने से लोगों को विद्युत समस्या से जूझना पड़ रहा है। किसान यूनियन नेताओं ने कहा कि विद्युत समस्या से निबटने के लिए स्थाई हल किया जाये। किसानों के विरोध प्रदर्शन में स्थानीय दुकानदारों ने अपनी दुकानों को बंद करके उन्हें समर्थन दिया। इस दौरान फैजबाग तिराहे के दुकानदारों ने कहा कि उन लोगों को आये दिन विद्युत समस्या से जूझना पड़ रहा है। जिससे भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यदि यही हाल रहा तो वह बड़ा आंदोलन करने के लिए विवश होंगे। प्रदशन व जाम की सूचना पर तहसीलदार तहसीलदार सरोज कुमार ने फैजबाग चौराहे पर आकर किसानों को उनकी समस्याओं का निस्तारण करने का आश्वासन देकर शांत किया।

[adrotate banner="2"]