फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में एक माह पूर्व वायरल हुए सट्टे के वीडियो मामले में कार्रवाई का सिलसिला अधूरा नजर आ रहा है। वीडियो में एक सट्टा माफिया खुलेआम सट्टा लगवाते हुए तत्कालीन दरोगा अच्छेलाल पाल को 15,000 रुपए हर माह देने की बात कह रहा था। वीडियो वायरल हुआ, मामला संज्ञान में आने के बाद क्षेत्राधिकारी की जांच रिपोर्ट पर पुलिस अधीक्षक ने तत्कालीन दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया था। हालांकि, घटना को लगभग एक महीना बीत जाने के बाद भी वीडियो में बात चीत कर रहे सट्टा संचालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सट्टे का यह नेटवर्क लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय है, लेकिन पुलिस की पकड़ से बाहर बना हुआ है। लोगों में यह भी नाराजगी है कि सिर्फ दरोगा को लाइन हाजिर कर देने से समस्या का समाधान नहीं होगा, जब तक सट्टा कारोबार पर लगाम न लगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सटोरिया की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एक महीने बाद भी सट्टेबाज का खुलासा न हो पाना न केवल पुलिस की लापरवाही को दर्शाता है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि कहीं न कहीं सट्टा कारोबार को संरक्षण मिल रहा है! अब देखना यह होगा कि पुलिस अपने ऊपर उठ रहे सवालों का जवाब कितनी जल्दी कार्रवाई से देती है।
क्या बोले जिम्मेदार
सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने बताया कि वीडियो के आधार पर दारोगा अच्छे लाल को लाइन हाजिर कर दिया गया था। इसके बाद वीडियो बनाने वाले की तलाश की गई, लेकिन उसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
सटोरियों से बसूली के आरोप में दारोगा किया था लाइन हाजिर, सट्टा माफिया तक नही पंहुच पा रहे पुलिस के हाथ



