संसदीय एवं सामाजिक सदभाव समिति की बैठक सम्पन्न

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE Politics जिला प्रशासन सामाजिक

फर्रूखाबाद:उत्तर प्रदेश विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सदभाव समिति की बैठक  पुष्पराज जैन, सदस्य विधान परिषद के सभापतित्व की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत की गयी।
जिलाधिकारी से अध्यक्ष पुष्पराज जैन ने कान्ति देवी पत्नी भानु प्रकाश दुबे निवासी कूम्हौर के मजरा नगला पंचम के आराजी गाटा संख्या 746क से जल्द से जल्द अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश उप जिलाधिकारी अमृतपुर को दिये। आबकारी अधिकारी ने बताया कि माह में प्राप्त लक्ष्य 16 करोड़ 83 लाख के सापेक्ष 15 करोड़ 50 लाख की प्राप्ति की गयी है। जनपद फर्रूखाबाद, कानपुर मण्डल में तीसरे स्थान पर है एवं 82 प्रतिशत की राजस्व प्राप्ति की गयी है। आबकारी विभाग में स्वीकृत पदों के सापेक्ष 09 कर्मचारियों की भी कमी बतायी गयी। सदस्य श्री दिलीप सिंह ने बियर सप्लाई में बाधा की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। इस पर आबकारी अधिकारी द्वारा बताया गया कि क्यू0आर0 कोड के कारण सप्लाई बाधित चल रही है। जल्द ही निस्तारण करा दिया जायेगा। सदस्य ने अवैध शराब फैक्ट्रियों पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश आबकारी विभाग व पुलिस प्रशासन को दिये। वाणिज्य कर अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 6000 पंजीकृत व्यापारी है।
शासन से मासिक लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है। पूर्व लक्ष्य 24 लाख 75 हजार के सापेक्ष 24 लाख 89 हजार की प्राप्ति की गयी है। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में विभिन्न सम्प्रदायों तथा जातियों के बीच सद्भाव व समन्वय बनाये रखने हेतु मुख्यालय, तहसील व ब्लाक स्तर पर संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा समय-समय पर बैठकें आयोजित की जाती है एवं मौके पर समस्याओं का निस्तारण किया जाता है। उक्त के संबंध में अभी तक जनपद में किसी प्रकार की घटना नहीं हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकारी कर्मचारियों व अधिकारीयों द्वारा अपने कर्तव्य पालन में रूचि न लेने तथा अपराधों में संलिप्त होने की दशा में कार्यवाही सुनिश्चित की गयी है|
विगत समय में 03 कर्मचारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्त व 20 कर्मचारियों को लघुदण्ड दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दो मामलों में 02 पुलिस कर्मियों पर निलम्बन की कार्यवाही की गयी है। समिति द्वारा जनपद के बाल संरक्षण गृह एवं महिला सुधार गृहों में रख-रखाव, पोषण व खान-पान की जानकारी ली गयी। जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद में अभी तक बाल संरक्षण गृह व महिला सुधार गृह संचालित नहीं है एवं उन्होंने जनपद हेतु एक बाल संरक्षण गृह की मांग समिति से की। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि अब तक अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति की घटनाओं में 70 परिवारों को राहत धनराशि का लाभ दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उक्त संबंध में अब तक 65 अभियोग दर्ज कराये गये है एवं संबंधित घटनाओं में तत्काल कार्यवाही अमल में लायी जाती है।
अध्यक्ष ने निर्देशित करते हुये कहा कि अनुसूचित जाति के परिवारों के साथ हुई उत्पीड़न की घटनाओं में सीधे एफआईआर दर्ज करायी जाये। अन्यथा की दशा में कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। अध्यक्ष द्वारा पूंछा गया कि अभी तक जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रकरण में एफआईआर क्यों नहीं दर्ज करायी गयी है। पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि उक्त प्रकरण में टीम लगाकर गम्भीर रूप से जांच करायी जा रही है। अध्यक्ष ने एक सप्ताह के अन्दर जांच कर समिति के समक्ष आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश जिलाधिकारी/पुलिस अधीक्षक को दिए। सदस्य शशांक यादव ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को कोल्ड स्टोर, भट्टे व छपाई कारखानों आदि में बाल श्रमिकों द्वारा कार्य कराये जाने पर संबंधित पर दण्डात्मक कार्यवाही अमल में लायी जाये। उन्होंने यह भी कहा कि पुनर्वास कराने के पश्चात समय-समय पर बाल श्रमिकों पर निगरानी भी रखी जाये।
सदस्य ने कहा कि जनपद स्तर पर पुष्टाहार की जांच कराने हेतु एक किट का प्रस्ताव जिलाधिकारी द्वारा शासन को दिया जाये। जिससे कि पुष्टाहार ससमय वितरित किया जा सके। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में ग्राम समाज/नजूल की भूमि पर अवैध कब्जा हटवाने हेतु तहसीलवार एण्टी भू-माफिया टीम बनाकर बड़े-बड़े अवैध कब्जाधारियों पर कार्यवाही सुनिश्चित की गयी । अध्यक्ष ने अवैध कब्जा मुक्त करायी गयी भूमि को गरीब/पात्र लाभार्थियों को आवंटित करने के निर्देश दिये। श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि अब तक 46504 श्रमिकों का पंजीकरण किया गया है। जिसमें 2290 मनरेगा श्रमिक पंजीकृत है एवं लगभग 7800 श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत लाभान्वित भी किया गया है। अध्यक्ष ने कहा कि शिकायतकर्ता मिथलेश मिश्रा द्वारा संज्ञान में लाया गया है कि उसके पुत्र की मृत्यु विगत माह एक विद्युत दुर्घटना में हो गयी है। परन्तु अभी तक प्रार्थी को कोई आर्थिक सहायता जिला प्रशासन द्वारा नहीं दी गयी है।
अध्यक्ष ने जिलाधिकारी को जल्द से जल्द मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान कराने के निर्देश दिये। अध्यक्ष द्वारा यह भी बताया गया कि पंकज अग्रवाल, अधिशासी अभियन्ता विद्युत नगरीय की काफी शिकायतें मेरे संज्ञान में आईं हैं। जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई और जिलाधिकारी को गम्भीर रूप से जांच कराने के निर्देश दिये। जांच के दौरान दोषी पाये जाने पर अधिशासी अभियन्ता विद्युत के विरूद्ध विभागीय/गम्भीर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों का जनपद आगमन में आधार व्यक्त करते हुये कहा कि आज समिति द्वारा दिये गये दिशा निर्देशों का अनुपालन ससमय सुनिश्चित किया जायेगा।
इस अवसर पर समिति सदस्य शशांक यादव एमएलसी लखीमपुर, दिलीप सिंह उर्फ कल्लू यादव, एमएलसी कानपुर देहात, प्रदीप कुमार जाटव, एमएलसी गाजियाबाद, विजय कुमार शर्मा, उप सचिव, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी ,समस्त क्षेत्राधिकारी(पुलिस) एवं संबंधित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।