शहर में आवारा कुत्तों की होगी नसबंदी, हरियाणा की कम्पनी को टेंडर

फर्रुखाबाद:(दीपक शुक्ला)नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद ने शहर में बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए नसबंदी अभियान शुरू कर दिया है। इसके लिए हरियाणा की एक संस्थान की पाँच सदस्यीय विशेष टीम शहर पहुंच चुकी है। पूरा अभियान लगभग एक साल तक चलेगा। टीम को बीबीगंज चौकी के सामने बेडारास भवन में ठहराया गया है। वहीं कुत्तों के लिए पिंजरे तैयार कर दिए गए हैं और ऑपरेशन थिएटर तैयार करने का काम अंतिम चरण में है। नसबंदी किए गए कुत्तों को 7 दिन तक टीम की निगरानी में रखा जाएगा और स्वस्थ होने पर उन्हें उसी स्थान पर छोड़ा जाएगा, जहां से पकड़ा गया था।

कैसे पकड़े जाएंगे कुत्ते? टीम के सदस्यों ने बताया कि कुत्तों को जाल लगे पिंजरों के माध्यम से पकड़ा जाएगा। यह टीम इससे पहले बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर समेत कई शहरों में नसबंदी अभियान सफलतापूर्वक चला चुकी है। टेंडर हुआ था स्वीकृत नगर पालिका ने अक्टूबर माह में स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी हेतु टेंडर आमंत्रित किया था, जिसे झनकू फाउंडेशन (हरियाणा) ने क्वालीफाई किया। उसी के माध्यम से अब अभियान शुरू किया गया है। अधिशासी अधिकारी का बयान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद विनोद कुमार ने बताया—“शासन और माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार नगर के स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी कराई जा रही है। नसबंदी के बाद उन्हें उसी जगह छोड़ा जाएगा जहाँ से पकड़ा गया था।” शहरवासियों का मानना है कि नसबंदी अभियान शुरू होने से कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण मिलेगा और काटने की घटनाओं में भी कमी आ सकती है।