शत प्रतिशत मतदान न करना ही माफियातंत्र का कारण : सतीश दीक्षित

0
136

फर्रुखाबाद : समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश दीक्षित ने कहा है कि राजनीति में व्याप्त सारी सड़ांध, बुराइयां, महंगाई, भ्रष्टाचार, अराजकता, माफियातंत्र के बढ़ने का एक ही कारण है। हमने स्वाधीनता के बाद निष्पक्ष और निर्भीक होकर शत प्रतिशत मतदान को अपना लक्ष्य नहीं बनाया। श्री दीक्षित ने यह विचार आज यहां नेहरू रोड स्थित अपने जन सम्पर्क कार्यालय पर आए कार्यकर्ताओं के साथ विचार विमर्श के दौरान व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि हमें अपनी स्वाधीनता की रक्षा जनतंत्र की खुशहाली के लिए प्रत्येक चुनाव में निष्पक्ष और निर्भीक होकर शत्प्रतिशत मतदान का संकल्प करना होगा।

[adrotate banner="3"]

श्री दीक्षित ने कहा कि 15 अगस्त स्वाधीनता दिवस से हम सबको शत प्रतिशत मतदान संकल्प अभियान प्रांरभ करना होगा। जैसे सीमा पर एक सैनिक अपने प्राणों की कीमत पर अपनी सीमा और मातृभूमि की रक्षा करता है। उसी तरह से लोकतंत्र के सजग प्रहरी के रूप में हमें अपने मतदान केन्द्र को शतप्रतिशत मतदान का आदर्श केन्द्र बनाने का संकल्प करना होगा। यह अभियान हमारी स्वाधीनता और जनतंत्र को मजबूत करने के साथ ही राजनीति में व्याप्त सारी गंदगी और सड़ांध को जड़ से समाप्त करने की रामबाण दवा है।

पूर्व सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस अभियान में किसी प्रकार का दिखावा आडंवर हमारे संकल्प को कमजोर करेगा। सच्चाई सादगी और ईमानदारी से सतत् जनसम्पर्क और सहयोग ही हमारे अभियान की सफलता का मूलमंत्र है। हमें प्रायोजित दरबार लगाने के स्थान पर व्यक्तिगत सम्पर्क के माध्यम से देश की स्वाधीनता जनतंत्र की मजबूती और राजनीति के शुद्धीकरण के महत्वपूर्ण अभियान में लगाना होगा।

श्री दीक्षित ने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर यह कार्य 2009 के लोकसभा चुनाव के बाद से चलाया जा रहा है। अब स्वाधीनता दिवस 15 अगस्त से यह कार्य वृहत रूप में आजादी के दीवानों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महान क्रांतिवीरों के सपनों को साकार करने के लिए किया जायेगा। उन्होंने इस अभियान के संदर्भ में अपने सुझाव और अनुभवों को एक दूसरे से बांटने का अनुरोध भी जन साधारण से किया।

[adrotate banner="2"]