व्यापारी समेत दो घरों से चोरों ने नगदी व जेवर उड़ाया

0
107

फर्रुखाबाद:(शमसाबाद संवाददाता) दीवार के सहारे छत से व्यापारी और ग्रामीण के घर में घुसे चोर नगदी व जेवर लेकर उड़ गए। सुबह उठने पर दोनों परिवार के लोगों को चोरी की जानकारी हुई। दोनों लोगों के कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। व्यापारी के घर से एक बक्सा गायब था। वह विद्यालय के पीछे पड़ा मिला। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव रजलामई निवासी शिवरतन की बाजार में परचून की दुकान हैं। उनका दो मंजिला मकान बना हुआ है। वहीं पास में गुलजारीलाल का मकान बना है। मंगलवार की रात चोर गुलजारी लाल के मकान में दीवार के सहारे छत पर पहुंचने के बाद घुस गए। गुलजारी लाल के परिजन एक कमरे में सो रहे थे और दूसरे कमरे में ताला पड़ा था। चोरों ने ताला तोड़ दिया और कमरे में रखे बक्से से 12 सौ रुपये, चांदी की पायल, बिछिया व अन्य सामान चोरी कर लिया। कपड़े कमरे में इधर-उधर फैला दिए। इसके बाद गुलजारी लाल के घर के सहारे व्यापारी शिवरतन के दूसरी मंजिल पर बने कमरे में घुस गए। वहां रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 50 हजार रुपये व जेवर चोरी कर ले गए। कमरे से रखे बक्से को अपने साथ ले गए। व्यापारी और उसके परिजन नीचे कमरे में सोते रहे। बुधवार सुबह जागने पर परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। गांव के लोगों ने प्राथमिक विद्यालय के पीछे बक्सा पड़ा देखा। इसकी जानकारी व्यापारी को दी। व्यापारी ने मौके पर जाकर देखा तो कपड़े बाहर पड़े थे और उसमें रखे जेवर गायब थे। व्यापारी ने बताया कि चोर एक जोड़ी खडुआ, चूड़ी, अंगूठी, झुमकी और चांदी के करीब 40 सिक्के चोरी कर ले गए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर फैजबाग चौकी प्रभारी संजय राव मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष मनोज भाटी ने बताया कि चोरी की कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]