व्यापारियों व मीडिया के उत्पीडन के खिलाफ भड़का व्यापार मंडल

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE Politics जिला प्रशासन

फर्रुखाबाद: जिले में यातायात प्रभारी के पद पर तैनात देवेश कुमार व दरोगा जगपाल सिंह द्वारा छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न किये जाने के साथ ही साथ मीडिया का उत्पीड़न होने से आक्रोशित व्यापार मंडल जिलाधिकारी व एसपी से मिला और दोनों ही मामलों में जल्द कार्रवाई की मांग की| व्यापार मंडल ने कहा कि यदि जल्द ही ज्ञापन पर कार्यवाही ना हुई तो व्यापार मंडल बाजार बंद करेगा|
नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अरुण प्रकाश के नेतृत्व में व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी मोनिका रानी व पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा से मिला| व्यापार मंडल ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस के टीआई देवेश कुमार छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न कर उनके साथ मारपीट कर रहे हैं| उन्हें लगातार अपमानित किया जा रहा है| जिसकी व्यापार मंडल घोर निंदा करता है| बीते 31 मई को टीआई देवेश कुमार व दरोगा जयपाल सिंह ने एक व्यापारी के साथ मारपीट कर दी थी| जिससे उसके नाक से खून आने लगा था| व्यापार मंडल ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की|
लोहिया मामले पर मीडिया कर्मियों के दर्ज मुकदमे वापस करने की मांग
बीते 28 मई को डॉ० राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मीडिया कर्मियों के साथ हुए विवाद के बाद उन पर लगाए गये फर्जी मुकदमे तत्काल वापस लेने के लिए व्यापार मंडल ने एसपी व डीएम से मांग की है| व्यापार मंडल ने कहा है कि यदि जल्द इस प्रकरण पर कोई निस्तारण नहीं होता है तो विवश होकर व्यापार मंडल बाजार बंद करने के साथ ही धरना प्रदर्शन करने पर बाध्य हो जाएगा| जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी| इस दौरान जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा बॉबी,नगर अध्यक्ष इकलाख खान,नगर महामंत्री राकेश कुमार सक्सेना, युवा नगर अध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव, युवा नगर महामंत्री सुजीत कश्यप, लाल दरवाजा अध्यक्ष राजू गुप्ता, बबलू खान,साहबगंज अध्यक्ष विजय भारद्वाज, कोषाध्यक्ष आरिफ खान व आकाश वर्मा आदि रहे|