वेंडिंग जोन और मॉडल शॉप के लिए डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

0
44

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शहरी सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मंगलवार को फतेहगढ़ एवं फर्रुखाबाद नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित वेंडिंग जोन, मॉडल शॉप और पार्किंग परियोजनाओं की संभावनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत फतेहगढ़ स्थित कैंट क्षेत्र, लोक निर्माण विभाग कार्यालय तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर के आसपास से की गई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि इस क्षेत्र को सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन के रूप में विकसित किया जाए। साथ ही सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के लिए स्थल के चारों ओर रेलिंग लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके बाद उन्होंने मिशन कंपाउंड के सामने संचालित स्ट्रीट वेंडरों की स्थिति का अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों को सभी वेंडरों का सर्वेक्षण कर उनका सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने नवयुग योजना के अंतर्गत यहां मॉडल शॉप विकसित करने के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा। वहीं क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैदान के सामने स्थित भूमि पर भी स्ट्रीट वेंडरों के लिए व्यवस्थित मॉडल शॉप विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे उन्हें स्थायी और सुविधाजनक व्यापारिक स्थान उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के अंतिम चरण में जिलाधिकारी लाल सराय क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने नजूल भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि का सदुपयोग करते हुए यहां मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जाए तथा सब्जी विक्रेताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त वेंडिंग जोन स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के अमल में आने से अतिक्रमण की समस्या कम होगी, यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और नागरिकों के साथ-साथ स्ट्रीट वेंडरों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर परियोजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]