विश्व दिव्यांग दिवस पर 78 दिव्यांग विद्यार्थियों को दिये उपहार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राजकीय सांकेत विद्यालय जेएनबी रोड़ में बुधवार को रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में विश्व दिव्यांग दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिला जज एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार ने की। कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी की चेयरमैन डॉ. रजनी सरिन ने विद्यालय के 78 दिव्यांग विद्यार्थियों को पानी की बोतल, कपड़े एवं फल वितरित किए तथा बच्चों को लगन और मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्षता कर रहे एडीजे संजय कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के मनोबल को बढ़ाते हैं। समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य सराहनीय है।कार्यक्रम में डीपीओ अनिल चंद्र, सोसाइटी के वाइस चेयरमैन शीश मेहरोत्रा, जवाहर सिंह गंगवार, निशांत तिवारी, गुंजा जैन, अनिल प्रताप सिंह, धीरेन्द्र वर्मा, अंजू कपूर, भूपेंद्र सिंह, अभिनव पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सहयोग प्रदान किया।