वर्षों बाद हो सका कांग्रेस कार्यालय पर ध्वजारोहण

0
115

फर्रुखाबाद: जनपद के रेलवे रोड फतेहगढ़ स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय के आखिरकार दिन बहुर गये। खण्डहर बने रहे इस कांग्रेस कार्यालय में वर्षों बाद कांग्रेसियों द्वारा ध्वजारोहण कार्यक्रम किया गया।

[adrotate banner="3"]

कांग्रेस कार्यालय जिस भूखण्ड पर स्थित है उस भूखण्ड को निवर्तमान सांसद चन्द्रभूषण सिंह मुन्नूबाबू के पिता ठाकुर अबधेश सिंह ने पार्टी को दिया था। तब शहर में विमल तिवारी, महरम सिंह और पंण्डित शांतीस्वरूप पाण्डेय जैसे खांटी कांग्रेसियों का दौर दौरा था। परन्तु कालांतर में यह सारे नेता हासिए पर पहुंच गये और कांग्रेस का केन्द्र बिंदु शहर से हटकर पितौरा में केन्द्रित हो गया। खुर्शीद आलम खां हों या उनके सुपुत्र वर्तमान सांसद एवं केन्द्रीय विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद किसी ने भी कांग्रेस कार्यालय की ओर मुड़कर देखना मुनासिब नहीं समझा। आस पड़ोस की नई पीढ़ी तक इस भवन की सार्थकता से अनभिज्ञ हो गयी। पहले तो छज्जे और कंगूरे ढहे फिर तालों के पीछे छतें भी ढह गयीं। स्थानीय लोगों ने इसे कूड़ाघर बना डाला। कूड़े के बाद लोगों ने कांग्रेस कार्यालय में मलवा डालना शुरू कर दिया। एक स्थिति यह भी आयी कि कांग्रेस कार्यालय के प्रांगण में आठ-दस फिट ऊंचा मलवे का ढेर एकत्र हो गया। विगत दौरे में सांसद सलमान खुर्शीद के समक्ष कांग्रेस कार्यालय वर्तमान स्थिति का मुद्दा उठा तो उन्होंने इसकी मरम्मत का आश्वासन दिया। इसी के चलते इस बार गणतंत्र दिवस पर कांग्रेसियों ने इस भवन की साफ सफाई कराकर वर्षों बाद यहां झण्डारोहण की औपचारिकता पूरी की।
जिला कांग्रेस कार्यालय में युवक कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता  के नेतृत्व में हुए ध्वजारोहण कार्यक्रम में यंवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रिजवान अहमद ताज, अल्लादीन, शिव कुमार सिंह, विजय मिश्रा एडवोकेट, जावेद खां, जयदीप सिंह यादव जेडी, मोहित गुप्ता, आदिल कामरान, श्याम बिहारी, योगेश पाण्डेय, रेहान अहमद, बहावुद्दीन, शिवशरन लाल शर्मा आदि मौजूद रहे।

[adrotate banner="2"]