फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में निर्माणाधीन लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित की जा रही किसानों की जमीनों का मुआवजा बढ़ाए जाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) फर्रुखाबाद संगठन ने बुधवार को ग्राम पंचायत कन्हुयाकूबपुर के मजरा लुखरयाई में किसान पंचायत का आयोजन किया। पंचायत में किसानों ने एक स्वर में सरकार से सर्किल रेट बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि वर्तमान दरों पर मिलने वाला मुआवजा उनकी क्षति की भरपाई नहीं कर पा रहा है।
पंचायत को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि किसानों की जमीन हमेशा के लिए जा रही है, ऐसे में सरकार को भी यह समझना चाहिए कि मुआवजा ऐसा हो जिससे किसानों और उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि पूरे जनपद में सर्किल रेट एक समान होना चाहिए। यदि सरकार ने इस मांग पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आने वाले समय में जनपद में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
अजय कटियार ने आगे बताया कि प्रयागराज में 15 से 18 जनवरी तक चिंतन शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें फर्रुखाबाद जनपद से बड़ी संख्या में किसान भाग लेने के लिए तैयार हैं। उन्होंने किसानों से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया| जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, कानपुर मंडल के पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, जिला महासचिव अभय यादव, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, जिला प्रचार मंत्री संजीव यादव, राजेश गंगवार, जिला सह सचिव दिनेश सिंह गौर, सदर तहसील अध्यक्ष रामप्रकाश पाल, तहसील उपाध्यक्ष अनुज राजपूत, तहसील महासचिव रजत गंगवार सहित बड़ी संख्या में किसान व पदाधिकारी मौजूद रहे।
लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए जा रही जमीनों का सर्किल रेट बढ़ाने की मांग, आंदोलन की चेतावनी



