रोडवेज बस अड्डे पर दूसरी वारदात, महिला का बैग चोरी, लाखों के जेवरात पार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के रोडवेज बस स्टॉप पर यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। लगातार दूसरे दिन एक महिला का बैग चोरी होने से हड़कंप मच गया। बैग में लाखों रुपये के जेवरात और जरूरी सामान रखा था। जानकारी के मुताबिक सोनी पत्नी शिवम और सुनीता पत्नी पवन अपने बच्चों उत्कर्ष व आशीष के साथ शाहजहांपुर जिले के कादर जलालाबाद में एक शादी में शामिल होने जा रही थीं। मोहम्मदाबाद से फर्रुखाबाद पहुंचने के बाद वे रोडवेज बस में सवार हुईं। इसी दौरान महिला ने बैग सीट के ऊपर रखा, लेकिन कुछ देर बाद वह गायब मिला। पीड़िता के अनुसार बैग में करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात, कपड़े और अन्य सामान था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि देर शाम तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।गौरतलब है कि एक दिन पहले भी इसी बस स्टॉप पर महिला के बैग से जेवरात चोरी हुए थे, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही घटनाओं से यात्रियों में दहशत है। लोगों ने बस स्टॉप पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। चौकी प्रभारी रोडबेज कपिल कुमार नें बताया की वह होमगार्ड परीक्षा डियूटी में हैं, वह मौके पर आकर जाँच करेंगे|