राहुल बोले, विपक्ष गंजों को कंघा बेच रहा है

0
89

Rahul Gandhi JNIनई दिल्ली:  काफी इंतजार के बाद राहुल गांधी ने एआइसीसी की बैठक को संबोधित करते हुए आक्रामक तेवर में विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी मार्केटिंग शानदार है। विपक्ष तो गंजों को कंघा बेच रहा है। उन्हें हेयर कट दे रहा है। वे कह रहे हैं कि कांग्रेस को बाहर निकालो। आखिर वे कांग्रेस को समझते क्या हैं? अरे, कांग्रेस पार्टी एक संगठन नहीं है, ये एक जोश है और ये जोश हमारे दिल में है।

[adrotate banner="3"]

[bannergarden id=”8″]
मनमोहन सिंह की प्रशंसा

राहुल ने अपने संबोधन की शुरुआत मनमोहन सिंह की प्रशंसा से की। पूरे जोश खरोश के साथ राहुल ने कहा कि पिछले 10 साल में मनमोहन सिंह ने शानदार काम किया है। राहुल को इतना आक्रामक होकर भाषण देते पहले कभी नहीं देखा गया। संबोधन के दौरान जब लोग ताली बजा रहा थे तो राहुल ने कहा, और जोर से ताली बजायें, मनमोहन के लिए, सोनिया के लिए सभी के लिए ताली बजा कर हमारा उत्साह बढाइए, आप ही तो हमारी ताकत हैं।
[bannergarden id=”11″]
जनता को आरटीआइ की ताकत

राहुल ने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले 10 साल के दौरान देश की जनता को बहुत कुछ दिया। हमने जनता को आरटीआइ की ताकत दी। आरटीआइ के जरिए हमने आमलोगों के हाथों में पावर दी। किसी ने आरटीआइ की मांग नहीं की थी। कांग्रेस ने खुद आरटीआइ का फैसला किया। हमने सब्सिडी का पैसा जनता के खाते में सीधे पहुंचाया।
[bannergarden id=”17″]
सब्सिडी वाले सिलेंडर

मनमोहन सिंह के नेतृत्व में देश ने आर्थिक मोर्चे पर काफी तरक्की की। उन्होंने कहा कि देश को 21वीं सदी में पहुंचाना है। इसका मतलब क्या है? इसका मतलब है आपकी आवाज देश की आवाज बने। यही नहीं, कांग्रेस सबसे पूछकर घोषणा पत्र बना रही है। इसके अलावा भी कांग्रेस ने बहुत कुछ किया है। हमने सब्सिडी वाले सिलेंडर बढ़ाने का वादा किया है। 9 सिलेंडर से काम नहीं चलता, इसलिए हमने 12 सिलेंडर देने का वादा किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि जहां तक प्रधानमंत्री की उम्मीदवारी का प्रश्न है, कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है। चुनाव के बाद जीते हुए सांसद प्रधानमंत्री का चुनाव करेंगे। जहां तक मेरा प्रश्न है, आप जो भी कहेंगे, मैं वो करने के लिए तैयार हूं।

बांटे गए मुखौटे

राहुल के भाषण से पहले समर्थकों में उनका मास्क बांटा गया। माना जा रहा है कि मोदी के भाषणों के दौरान काफी संख्या में लोग उनका मास्क लगा कर मौजूद रहते हैं। इसे मोदी इंपैक्ट माना जा रहा है।

सोनिया का फैसला

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने की पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग को खारिज करते हुए कहा कि इस पर निर्णय हो चुका है और यह अंतिम फैसला है। कांग्रेस में चुनाव से पहले प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को घोषित करने की परपंरा नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चुनाव प्रचार की अगुवाई करेंगे।

राहुल गांधी के नारे लगे

वहीं, सोनिया का भाषण खत्म होते ही हर जगह से राहुल गांधी के लिए नारे लगने लगे। युवा बिग्रेड ने नारे लगने बंद नहीं किए तो राहुल गांधी ने खुद माइक संभाला और उन्होंने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि जो मेरे दिल में है भाषण में कह दूंगा।

मनमोहन सिंह का संबोधन

बैठक को संबोधित करते प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि आम चुनाव में कांग्रेस की जीत राहुल गांधी की जीत होगी। उन्होंने कहा कि मंदी के बावजूद हमने 8.6 फीसद दर से देश का विकास किया, परंतु आखिर तीन सालों में यह दर कम रही। इसके पीछे मंदी भी बहुत बड़ा कारण रही। हम आर्थिक विकास को भी तेज करने की कोशिश में सफल होंगे।

गांवों तक विकास को पहुंचाया

हमने गांवों तक विकास को पहुंचाया है। सप्रंग के राज में गरीबी घटी है। गरीबों की भलाई पर हमारा जोर रहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके लिए किए गए वादे पूरा करना संभव नहीं होगा। हम देशवासियों से अपील करते हैं कि वे विपक्षी दलों के पिछले ट्रैक रिकार्ड को देखें और हमारी सरकार के कार्यो से तुलना करें। हमने महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए सख्त कानून बनाया। भ्रष्टाचार को लेकर देशवासी चिंतित है।

उन्होंने कहा कि अधिकारी फैसले लेने से हिचक रहे हैं, क्योंकि वे कैग द्वारा की जाने वाली पूछताछ से भयभीत हैं।

महंगाई बढ़ने से किसानों को फायदा

प्रधानमंत्री ने कहा महंगाई बढ़ने का फायदा देश के किसानों को हुआ है। खाने-पीने की चीजें महंगी हुई हैं।

विपक्ष का रवैया हिंसा भड़काने वाला

सोनिया गांधी ने विपक्ष विशेषतौर पर भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा कि सांप्रदायिक शक्तियों से देश को खतरा है। विपक्ष का रास्ता हमेशा हिंसा भड़काने वाला रहा है। विपक्ष नरमी को दिखावटी नकाब पहने हुए है। हम हमेशा ही धर्मनिरपेक्षता की लड़ाई लड़ते रहेंगे। कांग्रेस ने हमेशा एक-दूसरे को जोड़ने का काम किया है। कांग्रेस भारतीय परंपराओं को निभाती है।

कांग्रेस ने देश को गरीबी से उबरा

सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वंचित तबके का ध्यान रखा है और देश को गरीबी से उबरा है। उन्होंने कहा कि हम राजनीति में रहते हुए हार या जीत से बच नहीं सकते। हम चुनाव जीते या हारे हमारी मौजूदगी हर गली मोहल्ले में है। उन्होंने कहा कि जितने कार्य हमने किए है उतने कार्य अब तक कोई सरकार नहीं कर पाई है। फिर भी हम जनता की उपेक्षाओं पर कहीं न कहीं खरा नहीं उतर पाए हैं।

उपलब्धियां गिनाई

सोनिया ने आरटीआई समेत केंद्र की तमाम उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि एक और खतरा अवसरों की गैर-बराबरी कहा है। गैर-बराबरी को मिटाने का सबसे बड़ा तरीका सभी लोगों को शिक्षित करना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ हिंसा रोकने को हम कड़ा कानून लाए। उन्होंने कहा कि झूठे आरोपों व दुष्प्रचार के बाद भी हम जमे रहे। सोनिया ने कहा कि काफी उथल पुथल है। युवा व मध्य वर्ग की बढ़ी आकाक्षाओं को पूरा करने में कुछ कमी जरूर रही है। हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक गरीबी का अभिशाप पूरी तरह हमारी धरती से दूर न हो जाए।

पोस्टर लहराए गए

इससे पहले कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार को तालकटोरा स्टेडियम में शुरू हुई। बैठक शुरू होने से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ता पोस्टर लहराते हुए नजर आए। पोस्टरों में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की मांग की गई है।

मनमोहन की जगह राहुल का नाम

बैठक में राहुल गांधी अबकी बार के नारे भी लगे। सोनिया के बाद स्वागत में राहुल का नाम लिया गया। पहले पीएम का नाम सोनिया के बाद आता था।

[adrotate banner="2"]