रमन हत्याकाण्ड: गढ़िया की महिला ने सौंपा था बाबा को रमन

0
148

फर्रुखाबाद: बीते 26 नवम्बर को थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम गढ़िया ढिलावल निवासी प्रकाश पाल के पांच वर्षीय पुत्र रमन की हत्या के बाद गिरफ्तार किये गये मुख्य आरोपी हरनाथ सिंह बाबा को पुलिस ने मंगलवार को रिमांड पर लिया। इस दौरान उसने जो पुष्टि की उसमें गढ़िया की ही एक महिला का नाम सामने आया है।

[adrotate banner="3"]

विदित है कि 26 नवम्बर को गढ़िया निवासी प्रकाश पाल का पांच वर्षीय पुत्र रमन दरबाजे पर खेलते समय गायब हो गया था। जिसके बाद उसका शव बघार नाले में पड़ा मिला था। पुलिस ने खोजी कुत्ते लैमन की निशानदेही पर दो आरोपियों को हत्या के आरोप में जेल भेजा था। पूरे घटनाक्रम का मुख्य आरोपी हरनाथ सिंह बाबा पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। कुछ दिनों पूर्व हरनाथ सिंह ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। थाना मऊदरवाजा पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी हरनाथ सिंह बाबा को छः घंटे की रिमांड पर लिया। इस दौरान बाबा की निशानदेही पर थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम रुनी चुरसई स्थित उसके घर से पुलिस ने जली हुई हवन सामग्री इत्यादि बरामद की। इस दौरान रमन के परिजन भी मौजूद रहे। हरनाथ सिंह बाबा ने पुलिस को गढ़िया की ही महिला द्वारा उसे रमन को सौंपे जाने की पुष्टि की। जिसके बाद पुलिस ने रिमांड का समय पूरा होने पर उसे जेल भेज दिया। पुलिस अभी आरोपी महिला का नाम बताने से कतरा रही है।

थानाध्यक्ष मऊदरवाजा हरपाल सिंह यादव ने बताया कि मुख्य आरोपी हरनाथ बाबा के घर से बरामद की गयी जली हुई हवन सामग्री जांच के लिए लखनऊ भेजी जायेगी। हरनाथ को जेल भेज दिया गया है।

[adrotate banner="2"]