रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में उमड़ी भीड़, महिलाओं के साथ एक पुरुष को भी तीन दिन मुफ्त यात्रा का लाभ

0
12

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महिलाओं के लिए तीन दिन की मुफ्त रोडवेज बस सेवा शुरू होने के बाद फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टॉप पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं बस अड्डे पहुंचीं। योजना के तहत महिलाओं के साथ एक पुरुष यात्री को भी तीन दिनों तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है।यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए फर्रुखाबाद रोडवेज डिपो ने अपनी सभी बसों को संचालन के लिए तैयार रखा है। डिपो से कुल 115 बसों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य डिपो की बसें भी फर्रुखाबाद बस स्टॉप से होकर गुजर रही हैं। इनमें मेरठ, बदायूं, बुलंदशहर, खुर्जा, मैनपुरी, इटावा, एटा, कानपुर, हरदोई, शाहजहांपुर और बाराबंकी समेत अन्य डिपो की बसें शामिल हैं।फर्रुखाबाद रोडवेज के आरएम राजेश कुमार ने बताया कि यात्रियों की संख्या को देखते हुए डिपो की सभी बसों को संचालन में लगाया गया है। जिन मार्गों पर यात्रियों की भीड़ अधिक दिखाई दे रही है, वहां तत्काल अतिरिक्त बसें भेजी जा रही हैं। रोडवेज कर्मचारी भी यात्रियों की सुविधा के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।इधर, यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना कादरी गेट की रोडवेज चौकी प्रभारी दयानंद पटेल पुलिस बल के साथ बस स्टॉप पर मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने यात्रियों की भीड़ के साथ-साथ जेबकतरों पर भी नजर बनाए रखी। यातायात पुलिस भी जाम की स्थिति से निपटने के लिए सड़क पर मुस्तैद रही।भीड़ का आलम यह रहा कि कई यात्री बसों में खिड़कियों के रास्ते चढ़ते और उतरते नजर आए। पहले बस में चढ़ने को लेकर महिलाओं के बीच कहासुनी की स्थिति भी बनी। हालांकि रोडवेज कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया।रक्षाबंधन के चलते बस अड्डे पर पूरे दिन यात्रियों की आवाजाही बनी रही। रोडवेज प्रशासन की ओर से यात्रियों की भीड़ को देखते हुए लगातार बसों का संचालन किया गया, जिससे बहनें अपने भाइयों तक पहुंच सकें और पर्व को उत्साह के साथ मना सकें।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]