यूपी चुनावः कई दिग्गज हैं छठे चरण के मैदान में

0
122

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तहत मंगलवार को होने वाले छठे चरण के मतदान में कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर है, जिसमें वर्तमान सरकार के कुछ मंत्री भी हैं। इस चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 13 जिलों की 68 सीटों पर 86 महिलाओं सहित कुल 1103 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला करीब 2.14 करोड़ मतदाता करेंगे। इस चरण के तहत जिन 13 जिलों में मतदान होना है, उनमें गौतमबुद्धनगर (नोएडा), गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, प्रबुद्धनगर, पंचशीलनगर, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर शामिल हैं।

[adrotate banner="3"]

इस चरण में बसपा सरकार के पांच मंत्री-रामवीर उपाध्याय हाथरस की सिकन्दराराऊ सीट से, जयवीर सिंह अलीगढ़ की बरौली सीट से, वेदराम भाटी मेरठ की किठौर सीट से, चौधरी लक्ष्मी नारायण मथुरा की छाता सीट से और धर्म सिंह सैनी सहारनपुर की नकुड़ सीट से चुनाव मैदान में हैं।

अन्य दिग्गजों में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) प्रमुख अजित सिंह के बेटे एवं मथुरा से सांसद जयंत चौधरी मथुरा की मांट सीट से, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हुकुम सिंह प्रबुद्धनगर की कैराना सीट से चुनावी अखाड़े में हैं।

इस चरण में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की साख दांव पर लगी है क्योंकि उनके बेटे एवं जनक्रांति पार्टी (राष्ट्रवादी) अध्यक्ष राजवीर सिंह बुलंदशहर की डिबाई सीट से और पुत्रवधू प्रेमलता अलीगढ़ की अतरौली सीट से किस्मत आजमा रही हैं। इसके अलावा पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी और रालोद नेता कोकब हमीद भी चर्चित चेहरे हैं।

छठे चरण के मतदान के लिए कुल 22,137 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान प्रक्रिया में 30,028 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) का इस्तेमाल होगा।

[adrotate banner="2"]