यमुना एक्सप्रेस-वे पर दो वाहनों की भिड़ंत में आठ की मौत

ACCIDENT FARRUKHABAD NEWS POLICE

मथुरा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर आज रफ्तार का कहर बरपा। मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 140 थाना बलदेव क्षेत्र में दो वाहनों की भिड़ंत में आठ लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल थे, बाद में इलाज के दौरान दो ने दम तोड़ दिया।
यमुना एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार वैगन आर कार वहां खड़े ट्रक में जाकर टकरा गई। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। मथुरा में बलदेव थाना क्षेत्र के गढ़ी सुक्खा के निकट यमुना एक्सप्रेस वे पर इस भीषण दुर्घटना में मौके पर चार महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई। तीन घायलों में से दो की हालत गंभीर थी। दोनों ने बाद में आगरा के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया।
कार सवार सभी लोग नोयडा की ओर से आगरा जा रहे थे। सभी लोग बुलंदशहर से वैगनआर एचआर-3 ओआर -9721 गाड़ी से आगरा घूमने जा रहे थे। तभी नौ बजे के करीब उनकी तेज रफ्तार गाड़ी का जबरदस्त एक्सिटेंड हो गया। गाड़ी विष्णु नाम का व्यक्ति चला रहा था। उसमें सवार नीरज (24 वर्ष) पत्नी प्रेमचंद शर्मा निवासी श्यामनगर थाना जेवर गौतमबुद्ध नगर, अनीता (32) पत्नी शिवकुमार एवं अंजली (13) पुत्री शिवकुमार निवासी श्याम नगर थाना जेवर गौतम बुद्ध नगर, विष्णु (23) पुत्र सुरेश चंद निवासी गांव भूड़ खिल्ला पलवल हरियाणा, संतोषी (19) पुत्री भीमसेन निवासी सुरीर, मथुरा, शालू (20) पुत्री जयप्रकाश निवासी गांव बनैल, थाना पहासू, बुलंदशहर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में प्रेमचन्द्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस एवं एक्सप्रेस वे कर्मी मौके पर पहुंच गए। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मथुरा एवं घायलों को उपचार के लिए आगरा भेज दिया।
आगरा में इलाज के दौरान तरुणा (21 वर्ष) पुत्री सुरेश चंद्र, निवासी गुलावठी, बुलंदशहर व गब्बर (24 वर्ष) निवासी, जैबाबाद, खरैली वल्लभगढ़ पलवल, हरियाणा ने दम तोड़ दिया। यमुना एक्सप्रेस वे पर रविवार सुबह श्यामनगर थाना जेवर निवासी प्रेमचंद्र शर्मा वेगनआर कार में परिवार के साथ ताजमहल देखने आगरा जा रहे थे। कार सवार 12 वर्ष की बच्ची इस हादसे में बच गई। इस भीषण हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस राहत कार्य में जुट गई। यहां भारी संख्या में भीड़ एकत्र थी।