मूक-बधिर छात्रों को यातायात नियमों की दी विशेष जानकारी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)संकेत राजकीय विद्यालय, फतेहगढ़ में 28 नवंबर को यातायात पुलिस द्वारा मूक-बधिर छात्रों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात ऐश्वर्या उपाध्याय एवं प्रभारी यातायात सतेन्द्र कुमार ने छात्रों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के साथ-साथ ट्रैफिक संकेतों का पालन करने की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने

छात्रों को सुरक्षित गति से वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा मोबाइल फोन के उपयोग से बचने की सलाह दी। साथ ही सीआरपी (कार्डियो पल्मोनरी रीससिटेशन) की प्रक्रिया का प्रदर्शन कर आपात स्थिति में जीवन बचाने के तरीकों के बारे में बताया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से मूक-बधिर बच्चों में जागरूकता बढ़ेगी और वे समाज के जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित होंगे। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक और यातायात विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। यातायात पुलिस फतेहगढ़ ने बताया कि आगे भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।