मारपीट में घायल युवक ने उपचार के दौरान तोड़ा दम, गांव में तनाव; पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

0
34

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव उजरामऊ में आपसी विवाद के बाद हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में गम और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर तलाश तेज कर दी है। बताया गया है कि 18 जून की रात गांव निवासी श्यामवीर प्रताप सिंह उर्फ सोनू (35) एक ग्रामीण के घर पर मौजूद थे। इसी दौरान पुरानी कहासुनी को लेकर गांव के कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया गया। घायल श्यामवीर को पहले राजेपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें कानपुर के हैलेट अस्पताल भेजा गया। वहां कई दिनों तक उपचार चलने के बाद 25 जून की तड़के उनकी मौत हो गई। कानपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।श्यामवीर चार भाइयों में तीसरे थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में कोहराम मचा है और ग्रामीणों में भी घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। मृतक के भाई उदय प्रताप सिंह की तहरीर पर दर्ज मुकदमे की विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]