माया ने दिखाई माया, बोली ‘शुक्रिया अखिलेश’

0
115

लखनऊ| अब तक प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ आग उगलने वाली बसपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने नरम रुख अपना लिया है| प्रदेश की सत्ता से बुरी तरह हारकर बाहर हुई मायावती ने अपनी तोड़ी गयी मूर्ति के स्थान पर नयी मूर्ति लगाने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश को धन्यवाद ज्ञापित किया है|

बसपा के तीन प्रमुख नेताओं नसीमुद्दीन सिद्दीकी, स्वामीप्रसाद मौर्य के साथ प्रदेश अध्यक्ष रामअचल राजभर ने सोमवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाक़ात कर बताया कि नई मूर्ति लगने से बसपा अध्यक्ष संतुष्ट है और इसके लिए उन्होंने धन्यवाद कहा है| इस मौके पर सपा प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी, प्रमुख सचिव गृह तथा डीजीपी भी मौजूद थे|

[adrotate banner="3"]

अब तक सपा सरकार की आलोचना कर रहे बसपा नेताओं ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा की वह सभी उनसे बेहद प्रभावित हैं| इस मामले में सपा सरकार ने जिस तरह से तेजी दिखाई वह संतोषजनक है| साथ ही उन्होंने कहा कि प्रतिमाओं के साथ छेड़छाड़ के पीछे सिर्फ सरकार को बदनाम करने की साजिश है| हालांकि, अपरोक्ष रूप से उन्होंने सुरक्षा तंत्र पर भी सवालिया निशान लगा दिया| इस बारे में स्वामीप्रसाद मौर्य ने कहा कि सूबे में शरारती तत्वों का हौसला इतना बढ़ गया है कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद भी राज्य में कई जगहों पर अम्बेडकर प्रतिमाएं तोड़े जाने की घटनाएं सामने आई हैं, सारा सुरक्षा तंत्र फेल हो गया है|

इसके अलावा बसपा नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की सुरक्षा पहले की तरह बढाए जाने की मांग भी की| इस आग्रह पर मुख्यमंत्री ने भी पार्कों और स्मारकों में लगी प्रतिमाओं तथा मायावती की सुरक्षा का आश्वासन दिया| उल्लेखनीय है कि अभी मायावती की सुरक्षा में 110 सुरक्षाकर्मी तैनात हैं|

[adrotate banner="2"]