दोगुने का झांसा: महिला को बिना मुड़े 80 कदम चलने की सलाह देकर ठग जेवर सहित फरार

0
131

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली क्षेत्र के घुमना बाजार के पास टप्पेबाजों ने जेबर उड़ाने का नया तरीका ढूंढ निकाला। पहले महिला को अपनी बातों में फंसाकर जेबर उतरवाये। फिर उसे दोगुना करने के लिए महिला को 80 कदम बगैर मुड़े़ आगे चलने की बात कही। महिला जब आगे चली गयी तो वह जेबर लेकर फरार हो गये।

[adrotate banner="3"]

मिली जानकारी के मुताबिक हैवतपुर गढ़िया निवासी एक महिला लालादरबाजे के पास खड़ी थी। वहीं दो युवक आपस में बात कर रहे थे। एक व्यक्ति जो अपने को किसी स्वामी का चेला बता रहा था, सामने वाले व्यक्ति से कह रहा था कि मुझे तुम्हारा भविष्य साफ-साफ दिखायी पड़ रहा है। तुम्हारे जेब में रखे रुपयों को भी मैं बता सकता हूं। तुम्हारा मकान उस जगह पर है, तुम्हारे परिवार में इतने लोग हैं। बहुत जल्द ही तुम्हारा समय ठीक होने वाला है। फिलहाल तुम्हें पैसे की परेशानी है। सामने वाले व्यक्ति की हर बात पास खड़ी महिला टकटकी लगाये सुन रही थी। यह बातूनी व्यक्ति सामने वाले का हाथ पकड़कर सारी बातें खटाखट बता रहा था। सामने वाला व्यक्ति हर बात में अपना सर हिलाता जा रहा था। दोनो की बातचीत को देखकर महिला आकर्षित हो गयी और वह भी बोल पड़ी, स्वामी जी मेरा भी हाथ देख लीजिए। मैं भी बहुत परेशान हूं। जिस पर उस व्यक्ति ने महिला की तरफ मुड़ते ही कहा तुम तो घर से बाजार करने आयी हो। महिला बोली बिलकुल सही कहा गुरू जी। मैं तुम्हारा भविष्य बदल दूंगा अगर तुमने मेरी बात मान ली।

कुछ बातें उसने महिला के जीवन से मिलती जुलती बता दीं। एक दम सटीक बातें न बता पाने पर महिला बोली गुरू जी कुछ बातें सही हैं कुछ गलत। जिस पर वह व्यक्ति बोला जब तक सोने के जेबर तुम्हारे तन पर होंगे तब तक मेरा दिमाग ठीक से काम नहीं करेगा। पहले जेबर उतारकर मेरे झोले में रख दो। फिर मैं तुम्हें चमत्कार दिखाता हूं। इस जेबर को पहले मैं दूना करूंगा फिर तुम्हारे भविष्य के बारे में बताऊंगा। उस व्यक्ति की बात से महिला पूरी तरह भरोसा पा चुकी थी। महिला ने अपने कान के झुमके उतारकर उस व्यक्ति की झोली में रख दिये तो उसने कहा कि पहले तुम्हें यहां से 80 कदम पैदल जाना है। जब 80 कदम पूरे हो जायें तभी पीछे मुड़कर देखना। महिला के ऊपर अपना जेबर दूना कराने का भूत सवार था, वह चल दी। 80 कदम बगैर पीछे मुड़े चलने के बाद महिला ने जब पीछे मुड़कर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गयी। वहां पर खड़े वह दोनो व्यक्ति गायब थे। महिला समझ गयी कि उसके साथ धोखा हुआ है। इस बात की शिकायत उसने घुमना पर तैनात पुलिसकर्मियों को दी। पुलिसकर्मी उसे कोतवाली लेकर आये जहां से उसे टरका दिया गया।

[adrotate banner="2"]