मछली मारने गये ग्रामीण पर घड़ियाल ने हमला बोला

0
83

फर्रुखाबाद: प्रातः मछली मारने गये एक ग्रामीण पर घड़ियाल ने अचानक हमला बोल दिया। बमुस्किल ग्रामीणों की मदद से घड़ियाल को बांधकर वन विभाग कर्मियों के सुपुर्द कर दिया गया।

[adrotate banner="3"]

मिली जानकारी के मुताबिक थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम रामपुर जोगराजपुर में गांव के किनारे ही गंगा जी की मुख्य धारा बह रही है। जहां गांव का ही नन्हें पुत्र रामेश्वर प्रातः तकरीबन पांच बजे मछली मारने के लिए गया। नन्हें नदी के किनारे वंशी डालकर बैठ गया। तभी अचानक उसकी वंशी में कुछ खिंचाव होने लगा। जिस पर नन्हें के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ी। नन्हें उत्साह में बोला! फंस गयी मछली और उसने यह सोचकर वंशी को अपनी तरफ खींचा। लेकिन अगले ही पल नन्हें के होश उड़ गये। या यूं कहिए कि पैरों तले जमीन खिसक गयी। नन्हें ने देखा कि उसके कांटे में मछली की जगह एक खूंखार घड़ियाल फंस गया है। डर के मारे नन्हें के पसीने छूट गये। इस बात की जानकारी उसने अपने कुछ साथियों को दी।

जिस पर काफी भीड़ जमा हो गयी। काफी देर मसक्कत करने के बाद नन्हें ने घड़ियाल को रस्सी से बांध लिया। लेकिन अब समस्या यह बन गयी कि घड़ियाल का क्या किया जाये। जहां एक तरफ नन्हें ने घड़ियाल को पेड़ से बांध दिया तो वह दूसरी तरफ घड़ियाल से बचाव के लिए तत्काल राजेपुर थाना में सूचना दी। राजेपुर पुलिस ने ग्रामीणों से कह दिया कि मीडिया को बुलवाकर फोटो करवा लो हम लोग आकर क्या करेंगे। तब तक ग्रामीणों की भारी भीड़ घड़ियाल देखने के लिए उमड़ पड़ी। फिर किसी ने वन विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी। सूचना मिलने के तकरीबन एक घंटे बाद वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घड़ियाल को अपने कब्जे में ले लिया।

बताते चलें कि इन दिनों गंगा व रामगंगा में बाढ़ की स्थिति देखते हुए घड़ियाल व अन्य कई जलीय जानवर बहकर गंगा के किनारे बसे ग्रामीणों के लिए जान का खतरा बने हुए हैं।

[adrotate banner="2"]