फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद। भाजपा नेता डॉ. युवराज सिंह ने हालिया छात्र प्रदर्शनों और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से विद्यार्थियों और युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा और जेन-जी (जेनरेशन-जी) के बीच टकराव की बात पूरी तरह राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास है।डॉ. सिंह ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होना, परीक्षाओं का निरस्त होना और परिणामों में देरी होना विद्यार्थियों के लिए मानसिक, आर्थिक और शैक्षणिक दृष्टि से बेहद कष्टदायक होता है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी और चयन प्रक्रिया से गुजर चुके हैं, इसलिए छात्रों पर पड़ने वाले दबाव और उनकी परेशानियों को भली-भांति समझते हैं।उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए नकल और पेपर लीक के खिलाफ कठोर कानून बनाए हैं। साथ ही, ऐसे मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है।डॉ. युवराज सिंह ने छात्र आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षा का दबाव, आर्थिक कठिनाइयाँ, घर से दूर रहना और बार-बार की असफलता विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में नियमित मनोवैज्ञानिक परामर्श की व्यवस्था करने पर जोर दिया।उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी जागरूक, तकनीकी रूप से सक्षम और सवाल पूछने वाली पीढ़ी है। युवाओं को अपनी बात शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से रखनी चाहिए तथा किसी भी राजनीतिक दल या नेता के बहकावे में आकर ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए, जिससे उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं को राजनीति, संगठन और राष्ट्र निर्माण में बेहतर मंच और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
पेपर लीक पर सख्त कानून से नकल माफिया होंगे बेनकाब : डॉ. युवराज सिंह
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



