फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में हाजिरी पोर्टल पर सेल्फी अपलोड को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बड़े बवाल का रूप ले चुका है। हाल ही में जेएनआई न्यूज में इस गड़बड़ी का खुलासा किया था, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
विद्यालयों में लंबे समय से हाजिरी पोर्टल पर कर्मचारियों द्वारा घर से ही सेल्फी लगाकर उपस्थिति दर्ज करने का खेल चल रहा था। जब यह मामला उजागर हुआ तो विभागीय अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इसी मुद्दे को लेकर हाल ही में विद्यालय में अंशकालिक पुरुष शिक्षक और एक महिला
कर्मचारी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। आरोप है कि पुरुष शिक्षक सप्ताह में मात्र एक दिन आते हैं। जब कि उपस्थिति पंजिका पर उनके हस्ताक्षर रोजाना हो जाते हैं। विवाद के दौरान पुरुष शिक्षक ने महिला कर्मचारी की जाति को लेकर आपत्तिजनक शब्द कह दिए, जिससे मामला और गरम हो गया। बात इतनी बढ़ी कि कुछ महिला कर्मचारी ने पुरुष शिक्षक को चप्पल से मारने तक की चेतावनी दे डाली। स्थिति
बिगड़ते देख अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।घटना के बाद से विद्यालय का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और यह प्रकरण पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। यदि समय रहते विभाग ने पोर्टल गड़बड़ी पर ध्यान दिया होता तो ऐसी नौबत नहीं आती। अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है। फिलहाल कस्तूरबा गांधी विद्यालय में अनुशासन और कार्यप्रणाली दोनों पर सवाल खड़े हो गए हैं, जिससे बालिकाओं की पढ़ाई प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी ने बताया कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। मामले को जानकारी कर जांच कराई जाएगी। इस तरीके के मामले अनुशासन हीनता में आते हैं।
‘बा’ विद्यालय में शिक्षक का महिला कर्मी से विवाद, हाजिरी पोर्टल सेल्फी पर भड़का मामला



