फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के रेलवे रोड स्थित एक फास्ट फूड की दुकान में दुकानदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शनिवार देर शाम हुई घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। फुटेज में कुछ महिलाएं और युवक दुकान के अंदर दुकानदार के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।घटना कोतवाली क्षेत्र में महादेवी वर्मा की प्रतिमा के निकट स्थित फास्ट फूड की दुकान की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दुकानदार के कुछ परिचित दुकान पर पहुंचे थे। इस दौरान रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद के बाद एक युवक वहां से चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद वह अपने साथियों और परिजनों के साथ दोबारा दुकान पर पहुंचा। इसके बाद गाली-गलौज शुरू हो गई और विवाद मारपीट में बदल गया।दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हो गई। वायरल फुटेज में महिलाएं और युवक दुकानदार के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आरोप यह भी है कि मारपीट करने वालों में एक हिंदू संगठन का नेता शामिल था। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पल्ला चौकी प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दुकानदार के परिचित कुछ लोग उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह जुलूस यात्रा में शामिल थे, जिसके चलते उन्हें तत्काल इसकी जानकारी नहीं हो सकी।चौकी प्रभारी के अनुसार, दोनों पक्ष पहले से परिचित हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस को अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। ऐसे में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की संभावना जताई जा रही है।इधर, दुकान के अंदर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस को लिखित शिकायत मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
फास्ट फूड दुकानदार से मारपीट, सीसीटीवी फुटेज वायरल
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



