फर्रुखाबाद: बीते 19 नवम्बर की सुबह बढ़पुर निवासी विमला देवी पत्नी रामसिंह चौहान का शव फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के रखा रोड पर पड़ा मिला था। विमला की गला काटकर हत्या की गयी थी। लेकिन शव की शिनाख्त न हो पाने को लेकर पुलिस ने उसे लावारिश समझ लिया था। लेकिन मीडिया में छपी खबरों से महिला की पहचान उसके पुत्र नरेन्द्र उर्फ पप्पू ने कर ली थी। जांच पड़ताल में विमलादेवी के द्वारा एक हाईप्रोफाइल सेक्स रैकिट चलाने की बात भी सामने आयी है।
विदित हो कि 19 नवम्बर को प्रातः लगभग 11 बजे 45 वर्षीय विमलादेवी पत्नी राम सिंह चौहान की गला काटकर हत्या कर दी गयी थी। २० नवम्बर को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक विमलादेवी के पुत्र नरेन्द्र उर्फ पप्पू ने उसकी पहचान कर ली और फिर उलझ गयी विमलादेवी की हत्या की गुत्थी। बीते 30 वर्ष पूर्व विमलादेवी के पति रामसिंह चौहान के बीच आपसी मतभेद के चलते अदालत के माध्यम से अलगाव हो गया था। जिस बजह से रामसिंह चौहान विमला से ज्यादा लगाव नहीं रखता था। पत्नी से अलग होने के बाद रामसिंह मैनपुरी में रिक्शा चलाने का काम करने लगा था। विमला के दो पुत्र थे। जिसमें महेन्द्र उर्फ मेम्बर चौहान सबसे बड़ा जोकि मां के साथ घर पर ही रहता था। वहीं दूसरा पुत्र नरेन्द्र उर्फ पप्पू का विवाह होने के बाद वह अपनी पत्नी के साथ 6 माह से मैनपुरी में मोटरसाइकिल संभालने का काम कर रहा था। एक पुत्री गीता देवी का विवाह विमला ने पहले ही थाना मेरापुर क्षेत्र के ग्राम अर्जुनपुर निवासी पूरन सिंह के साथ कर दिया था।
महिला अपने मकान बढ़पुर में इस समय रह रही थी। जहां से वह एक हाईप्रोफाइल सेक्स रैकिट की सरगना भी थी। यही मुख्य बजह थी कि उसके परिजनों का उसके यहां ज्यादा आना जाना नहीं रहता था। पुलिस की जांच पड़ताल में एक चौंकाने वाली बात सामने आयी कि विमलादेवी के उसकी बहुओ से भी सेक्स रैकिट चलाने को लेकर विवाद होता रहता था। पुलिस से बातचीत के दौरान विमला की बहुओ ने इस बात को कबूला कि उन्हें अपनी ही सास से खतरा था कि कहीं वह पैसे लेकर उन्हें भी न बेच दे। यह नया खुलासा होने से विमलादेवी की हत्या की एक और बजह सामने आ गयी है। पुलिस ने इस बिंदु पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
हत्या के तीन दिन बाद भी आरोपी प्रापर्टी डीलर फरार
विमलादेवी की हत्या के पीछे प्रापर्टी डीलर अनिल का नाम आते ही वह फरार हो चुका है। अगर अनिल के पुराने इतिहास पर नजर डालें तो वह फर्जीवाड़े के चक्कर में एक बार जेल भी जा चुका है। जिसमें अनिल के ऊपर जान लेवा हमले का आरोप भी लगा था। शक के घेरे में आये अनिल राठौर की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। लेकिन घटना के तीन दिन गुजर जाने के बाद भी प्रापर्टी डीलर अनिल अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। अनिल अविवाहित है।
इस सम्बंध में जांच पड़ताल कर रहे थानाध्यक्ष मऊदरवाजा हरपाल सिंह यादव ने बताया कि महिला की हत्या के पीछे सेक्स रैकिट चलाने को लेकर भी मामला सामने आया है। फिलहाल इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है। पूरे प्रकरण का खुलासा प्रापर्टी डीलर अनिल राठौर के पकड़ने के बाद ही सामने आयेगा। अनिल की तलाश की जा रही है। उसे शीघ्र गिरफ्तार किया जायेगा।



