फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) फर्रुखाबाद बस स्टैंड पर एक जैसे रंग के बैग आपस में बदलने का मामला सामने आया है। बैग में कपड़ों के साथ अजय प्रताप की बहू खुशबू का कीमती सामान भी रखा था। बैग बदलने की जानकारी होने पर उन्होंने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने बस स्टैंड स्थित पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की जानकारी दी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से बैग लेकर जाने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुटी है।जानकारी के मुताबिक, फिरोजाबाद के छतरपुर थाना क्षेत्र निवासी अजय प्रताप फर्रुखाबाद के मोहल्ला खड़ियाई में अपने बहनोई के घर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। शाम को फर्रुखाबाद बस स्टैंड पर उतरते समय उनका बैग किसी दूसरे यात्री के बैग से बदल गया। दोनों बैग एक जैसे रंग के होने के कारण यह गड़बड़ी होने की आशंका जताई जा रही है।कुछ देर बाद बैग बदलने का पता चलने पर अजय प्रताप ने अपना बैग तलाश किया। बैग में कपड़ों के अलावा उनकी बहू खुशबू का कीमती सामान रखा हुआ था। काफी प्रयास के बाद भी बैग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत की।सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है, ताकि दूसरे बैग के साथ जाने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस बैग का पता लगाने के प्रयास में जुटी है।
फर्रुखाबाद बस स्टैंड पर बैग बदलने से कीमती सामान गायब, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



