फतेहपुर में आतिशबाजी बाजार में लगी भीषण आग, 70 दुकानें व 25 बाइकें जलीं

0
584

फतेहपुर:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तरप्रदेश के फतेहपुर जिले के शांतिगंज क्षेत्र स्थित एमजी कॉलेज मैदान पर लगाई गई अस्थायी पटाखा मंडी में रविवार दोपहर आग लगने की घटना सामने आई। महात्मा गांधी डिग्री कालेज मैदान में लगे पटाखा बाजार में रविवार दोपहर 12.05 बजे एक दुकान से निकली चिंगारी से आग लग गई। देखते ही देखते आग फैलती गई और सभी 70 दुकानें चपेट में आ गईं। आतिशबाजी जली तो धमाका व धुआं से आसपास के डेढ़ किलोमीटर का इलाका दहशत में आ गया। घटना के दौरान भगदड़ होने से करीब पांच लोगों को मामूली चोटें आईं। दुकानों के साथ वहां पर खड़ीं बुलेट, स्कूटी समेत 25 बाइकें व पांच साइकिलें जलकर राख हो गईं। इस साल अब तक पटाखों की वजह से यूपी में कई लोगों की जान जा चुकी है। हादसे में पांच करोड़ के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हादसे के पीछे फायर ब्रिगेड की लापरवाही सामने आई है। मौके पर जो गाड़ी खड़ी की गई थी उसमें पानी ही नहीं था। अगरबत्ती जलाने और सिगरेट पीकर फेंकने से आग लगने की चर्चा है। डीएम रविंद्र सिंह ने पूरे घटनाक्रम की जांच एडीएम से कराने के निर्देश दिए हैं।
तेज लपटों से उठता धुआं दूर तक दिखाई दिया
दोपहर करीब 12 बजे बाजार के एक हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जाता है कि लपटों और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक देखा गया।
दमकल और पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंची गई ।
करीब डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]