फतेहगढ़ जिला जेल क्रॉसिंग पर गहरे गढ्ढों में हिचकोले ले रहे वाहन, हादसे के इंतजार में रेलवे!

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)फतेहगढ़ स्थित जिला जेल क्रॉसिंग इन दिनों हादसों का गढ़ बनती जा रही है। फाटक के दोनों ओर सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे आए दिन राहगीरों और बाइक सवारों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। बारिश और भारी वाहनों के लगातार आवागमन से ये गड्ढे और गहरे होते जा रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।आस पास के लोगों का कहना है कि कई बार इन गड्ढों में बाइक सवार फिसलकर घायल हो चुके हैं, वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी चोटें आई हैं। समस्या की सूचना लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) व रेलवे विभाग दोनों को दी गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी।
जिला जेल क्रॉसिंग, जो रेलवे फाटक के पास मुख्य मार्ग पर स्थित है, से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण वाहनों की रफ्तार कम करनी पड़ती है और फाटक खुलते ही जाम की स्थिति बन जाती है। इस दौरान कई बार वाहन फिसलकर एक-दूसरे से टकरा जाते हैं। जब इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता सोहेल खान से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह सड़क रेलवे की जिम्मेदारी में आती है। हमने गड्ढों की सूचना रेलवे विभाग को दी है। वहीं रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर (पथ) कन्नौज मुन्ना लाल ने कहा कि गड्ढों को भरने के लिए फिलहाल पत्थर डलवाने का कार्य कराया जा सकता है। दोनों विभागो की जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने की प्रवृत्ति के कारण समस्या लगातार बढ़ रही है। लोगों को मजबूरन खतरे के बीच से गुजरना पड़ रहा है। सांसद मुकेश राजपूत ने भी मामले पर नाराजगी जतायी है। उन्होंने कहा कि जिला जेल क्रॉसिंग के पास गड्ढों की समस्या काफी दिनों से बनी हुई है। यह जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाती है। इस विषय में रेलवे के आला अधिकारियों से शीघ्र बात की जाएगी ताकि सड़क का सुधार कार्य जल्द शुरू हो सके।