प्रेम प्रसंग में युवक को गोली मारी

0
143

फर्रुखाबाद: फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तलैया लेन निवासी 30 वर्षीय अभिषेक यादव पुत्र लालू यादव को उस समय अचानक कुछ लोगों ने गोली मार दी, जब वह दावत खाकर अपने घर वापस लौट रहा था। घटना प्रेस प्रसंग को लेकर बतायी गयी है।

[adrotate banner="3"]

घायल अभिषेक यादव बालू की बुग्गी चलवाने का काम करता है। शाम तकरीबन 8 बजे वह फतेहगढ़ चौराहा स्थित एक विवाह कार्यक्रम में भाग लेकर लौट रहा था। तभी फतेहगढ़ बस अड्डे के निकट कुछ लोगों ने अभिषेक यादव को घेर लिया और उसके ऊपर फायर झोंक दिया। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में अभिषेक को फतेहगढ़ स्थित प्राइवेट नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया। घायल अभिषेक के पिता लालू यादव ने बताया कि बरगदिया घाट निवासी राजेश जाटव के अलावा अन्य दो लोगों ने अभिषेक पर हमला बोला और फायरिंग करके फरार हो गये।

सूत्रों के मुताबिक अभिषेक यादव का पड़ोस की ही एक बाथम परिवार की लड़की के साथ प्रेम प्रसंग का मामला चल रहा है। उसी लड़की से राजेश जाटव भी अपने प्यार की पैंगें बढ़ा रहा था। दोनो युवक एक ही युवती से शादी करने की तैयारी में थे। जिसको लेकर राजेश व अभिषेक में विवाद भी हो चुका है। मौका देखकर राजेश ने अभिषेक पर फायरिंग कर दी। वहीं अभिषेक द्वारा प्रेम प्रसंग में अपने ऊपर खुद फायरिंग कर लेने की भी चर्चायें हैं।

इस सम्बंध में कोतवाली फतेहगढ़ के एसएचओ जितेन्द्र सिंह परिहार ने जेएनआई को बताया कि दारू के नशे में फायरिंग की गयी। दोनो पक्ष के लोग पूरी तरह नशे में धुत्त थे। लेकिन इसके अलावा प्रेम प्रसंग का मामला भी सामने आया है। जिस पर जांच की जा रही है। घायल के परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत होगा।

[adrotate banner="2"]