फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के राजपुर कस्बे में घने कोहरे के बीच पिकअप और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण सर्दी के बावजूद मौके पर एकत्र हो गए। दुर्घटना में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जरियानपुर की ओर से पिकअप आ रही थी, जबकि फर्रुखाबाद की ओर से बदायूं जा रहा ट्रक राजपुर पहुंचते ही सामने से आ रही पिकअप से टकरा गया। हादसे में गुलाल नगला निवासी 22 वर्षीय हरिओम पुत्र दलवीर, थाना मिर्जापुर, जिला शाहजहांपुर घायल हो गया। सूचना पर थाना अध्यक्ष मोनू शाक्य, एसआई सूरज, कल्लू सिंह व सुरेश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल चालक को 108 एंबुलेंस से राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
बताया गया कि ट्रक ने पिकअप में टक्कर मारी। पिकअप सीपी डेरी से जुड़ी हुई थी और अमृतपुर क्षेत्र के विभिन्न प्वाइंटों से दूध लेकर प्लांट जाती थी। घायल चालक के पिता दलवीर ने बताया कि उनका पुत्र हरिओम पिछले चार वर्षों से पिकअप लोडर का काम कर रहा है और स्वयं वाहन चलाता था। वह सुबह करीब 6:30 बजे घर से निकला था। थानाध्यक्ष मोनू शाक्य ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पिकअप व ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, चालक घायल



