नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल: 23 जनवरी कों शाम दो मिनट के लिये होगा ब्लैकआउट

0
413

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आगामी 23 जनवरी को प्रस्तावित नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि 23 जनवरी को सायं 06 बजे से 02 मिनट के लिए ब्लैकआउट किया जाएगा। ब्लैकआउट के दौरान चिन्हित क्षेत्रों में सभी लाइटें बंद रहेंगी, वाहनों का संचालन नहीं होगा तथा चल रहे वाहनों की लाइटें भी बंद रखी जाएंगी।
इसके उपरांत अग्निशमन कार्यालय परिसर में हवाई हमले जैसी आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए आग बुझाने, घायलों को सुरक्षित निकालने तथा उन्हें अस्पताल पहुंचाने की मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी शाम 05 बजे अग्निशमन केंद्र पर एकत्र होंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद की आपातकालीन रिस्पॉन्स टीम को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखा जाए। सभी महत्वपूर्ण स्थानों का चिन्हांकन सुनिश्चित किया जाए। सभी अस्पतालों, अग्निशमन केंद्रों एवं फायर हाइड्रेंट्स को चिन्हित किया जाए। नगर क्षेत्र में लगे सभी पब्लिक एड्रेस सिस्टम को क्रियाशील किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र तथा स्काउट-गाइड के माध्यम से स्कूल एवं कॉलेजों में छात्रों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया जाए। साथ ही ब्लैकआउट क्या होता है और उसके दौरान क्या सावधानियां बरतनी होती हैं, इसके बारे में आम जनता को जागरूक किया जाए। सभी संबंधित विभाग आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां समय से पूर्ण कर लें। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ आदि अधिकारी रहे|

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]