नकली दवा बेचने वाला बीज भंडार पकड़ा, 46 पैकेट जब्त

फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता) क्षेत्र में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नकली दवाओं का बड़ा मामला सामने आया है। कृषि रक्षा अधिकारी और एक निजी कंपनी के अधिकारियों ने रविवार को कुंदन गणेशपुर स्थित मां भवानी बीज भंडार पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में नकली कीटनाशक दवाएं बरामद कीं।
किसानों को आलू की फसल में लगने वाले घुघिया रोग से बचाव के लिए दवाएं बेची जा रही थीं। छापेमारी के दौरान दुकान से 46 पैकेट संदिग्ध दवा बरामद की गई, जो टूरो बॉडी कॉन्सुलेशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के नाम पर नकली पैकिंग में तैयार किए गए थे। बताया जा रहा है कि यह दवाएं असली कंपनी की नहीं थीं, बल्कि धोखे से नकली लेबल लगाकर बाजार में बेची जा रही थीं। यह नकली दवाएं किसानों को महंगे दामों पर असली दवा बताकर बेची जा रही थीं, जिससे फसल को नुकसान पहुंचने की संभावना थी। छापेमारी के दौरान दुकान से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की गई। मौके पर पुलिस ने सभी पैकेट सील कर जब्त कर लिए हैं और दुकान के मालिक से पूछताछ की जा रही है।कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अन्य दुकानों की भी जांच की जाएगी, ताकि किसानों को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे नकली उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके। थाना प्रभारी राजेश राय ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।