दीपावली पर बढ़ी रेलवे की सुरक्षा जीआरपी-आरपीएफ का संयुक्त चेकिंग अभियान

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन और ट्रैक पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के लिए यह अभियान विशेष रूप से आयोजित किया गया।
कासगंज से आई विशेष डॉग स्क्वाड टीम ने भी इस अभियान में हिस्सा लिया। स्नाइपर डॉग ‘डॉन’ और ट्रैकर डॉग ‘टायसन’ ने प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर और रेलवे ट्रैक का बारीकी से निरीक्षण किया।दोनों डॉग्स ने यात्रियों के छोड़े हुए सामान और संदिग्ध वस्तुओं को सूंघकर जांच की। रेलवे परिसर में रखे बैग, पार्सल और स्टॉलों के आसपास भी सुरक्षा जांच की गई। जीआरपी प्रभारी जितेंद्र कुमार और आरपीएफ इंस्पेक्टर ओ.पी. मीणा के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर के हर कोने की सघन तलाशी ली।

यात्रियों से पहचान पत्र दिखाने के साथ-साथ उनके सामान की रैंडम जांच भी की गई। पुलिस ने स्टेशन पर मौजूद लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत देने की अपील की। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने प्लेटफॉर्मों पर मौजूद भीड़ को नियंत्रित किया और रेल प्रशासन के साथ मिलकर सुरक्षा प्रबंधन की समीक्षा की। जीआरपी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि दीपावली पर यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और गश्त बढ़ा दी गई है।