दिनदहाड़े युवक के मारी गोली, घायल अवस्था में युवक पहुंचा थाने

0
115

फर्रुखाबादः थाना शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम हंसापुर गौराई निवासी 22 वर्षीय अजीत राजपूत पुत्र रघुवीर सिंह राजपूत को दिनदहाड़े उसके घर के सामने गांव के ही कुछ दबंगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घायल अजीत लहूलुहान अवस्था में थाना शमशाबाद पहुंचा जहां उसने शिकायत दर्ज करायी।

[adrotate banner="3"]

जानकारी के मुताबिक अजीत राजपूत मकानों की छत पर डिजायन बनाने का कार्य करता है। इस समय वह कायमगंज में काम कर रहा है। शाम तकरीबन पांच बजे अजीत साइकिल से जैसे ही अपने घर के सामने उतरा, गांव के ही भगवानदास व जवाहरलाल ने उसे पकड़ लिया। इन लोगों के साथ तकरीबन आधा दर्जन और लोग थे। मारपीट करने के बाद अजीत पर कट्टे से फायर कर दिया और फरार हो गये। घायल अवस्था में अजीत घर की तरफ भागा और पीछे के रास्ते से मोटरसाइकिल पर फरार होकर थाना शमशाबाद पहुंचा जहां उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी।

अजीत ने बताया कि उसका उक्त लोगों से पुराना विवाद चल रहा है। जिसको लेकर तीन माह पहले उसके छोटे भाई दिनेश राजपूत के विवाह समारोह में भी उन लोगों ने गालीगलौज कर उपद्रव किया था। आज पुरानी खुन्नस के चलते उक्त लोगों ने अजीत को जान से मारने की कोशिश की। गोली अजीत के उल्टे पैर की जांग में लगी। घायल अवस्था में अजीत को पुलिस ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।

[adrotate banner="2"]