तीन नई उचित दर दुकानों के लिए चयन प्रक्रिया पूर्ण, लॉटरी से हुए चयन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जनपद के नगरीय क्षेत्रों में रिक्त चल रही तीन उचित दर दुकानों की नियुक्ति प्रक्रिया मंगलवार को जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में पूर्ण की गई। चार सदस्यीय चयन समिति की उपस्थिति में नगरपालिका फर्रुखाबाद, नगरपंचायत शमशाबाद और नगरपंचायत नवाबगंज की दुकानों के लिए लॉटरी के माध्यम से चयन किया गया।
अपर जिलाधिकारी अध्यक्ष, संबंधित उप जिलाधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सदस्य एवं जिला पूर्ति अधिकारी शामिल रहे। नगरपालिका फर्रुखाबाद क्षेत्र में कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से एक आवेदन अपूर्ण अभिलेखों के कारण अपात्र घोषित किया गया। शेष 14 आवेदनों में लॉटरी के माध्यम से अंजुला पत्नी स्व. राजीव कुमार का चयन किया गया।
नगरपंचायत शमशाबाद क्षेत्र में 9 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 4 अपात्र पाए गए। शेष 5 में से लॉटरी द्वारा अनिल कुमार पुत्र स्व. रामनरायण का चयन किया गया। वहीं नगरपंचायत नवाबगंज के अंतर्गत प्राप्त 5 आवेदन सभी पात्र पाए गए। इनमें लॉटरी प्रक्रिया से अमित कुमार पुत्र श्री जाहर सिंह का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया 6 वर्षीय बच्चे के माध्यम से कराई गई। इस दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही सूचित करते हुए शेष आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गये।