ट्रैक्टर की टक्कर से चारपाई पर बैठी वृद्धा की मौत

0
121

फर्रूखाबाद:(शमसाबाद संवाददाता) दुकान के बाहर सड़क किनारे चारपाई पर बैठी वृद्धा को तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। इससे वृद्धा की मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर छोड़ कर भाग गया। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है।  
शमसाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला काजी टोला निवासी कमर जहां (75) झोपड़ी के पास रखे परचून के खोखा के आगे चारपाई डाले रविवार को बैठी थी। एक युवक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली लेकर आया और चारपाई में टक्कर मार दी। इससे कमरजहां गंभीर घायल हो गई। ट्रैक्टर छोड़कर चालक वहां से भाग गया। हादसा देखकर परिजन झोपड़ी से बाहर आए। मौके पर आसपास लोगों की भीड़ लग गई। पुत्र जहूर अहमद घायल मां को लेकर सीएचसी गया, वहां डॉक्टर ने वृद्धा को मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर घर चले आए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी पर समाजसेवी खुशहाल मियां मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बधाया। जहूर ने बताया कि वह छह भाई और तीन बहन हैं। कसबा इंचार्ज राजेश गौतम ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है। दोनों पक्षों में समझौते को लेकर वार्ता चल रही है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]