टैक्सी चालक को पीटते न्यायिक अधिकारी के ड्राइवर को पुलिस ने उठाया

0
102

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली क्षेत्र के क्रिश्चियन कालेज के सामने जा रहे एक टैक्सी चालक को जनपद के एक न्यायिक अधिकारी के ड्राइवर ने अपनी दबंगई दिखाते हुए सरे बाजार धुनई कर दी। इसी दौरान उधर से गुजर रहे शहर कोतवाल कालूराम दोहरे ने मारपीट कर रहे ड्राइवर व एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।

[adrotate banner="3"]

प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद के एक न्यायिक अधिकारी का ड्राइवर बस से फर्रुखाबाद की तरफ जा रहा था। सामने फर्रुखाबाद की तरफ ही जा रहे टैक्सी ड्राइवर द्वारा बस को साइड न दिये जाने से नाराज उसमें सवार न्यायिक अधिकारी के ड्राइवर ने गाड़ी रुकवाकर टैक्सी चालक को पीटना शुरू कर दिया। जिस पर बढ़पुर निवासी विमलचन्द्र बीच बचाव करने पहुंच गये। बीच बचाव करने से न्यायिक अधिकारी का ड्राइवर और भी आग बबूला हो गया। उसने बचाने आये विमलचन्द्र की भी अच्छी खासी पिटाई कर दी।

उसी दौरान उधर से गुजर रहे शहर कोतवाल कालूराम दोहरे ने विमलचन्द्र व न्यायिक अधिकारी के ड्राइवर को हिरासत में लेकर अपनी गाड़ी में बिठाकर कोतवाली ले आये। कोतवाली में पूछताछ के बाद मामला जनपद के न्यायिक अधिकारी के ड्राइवर का निकला तो पुलिस के हाथ पांव फूल गये और मामला रफा दफा कर दिया गया। इस दौरान न्यायिक अधिकारी का ड्राइवर फिर भी अपनी हनक दिखाता हुआ कोतवाली चल दिया। लेकिन मीडिया के पहुंचने पर ड्राइवर जल्दी ही कन्नी काटता नजर आया।

[adrotate banner="2"]