जनपद में गौ-रक्षारक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा लेकर पहुंचेंगे शंकराचार्य

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के एक रेस्टोरेंट में गौ रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के स्वागत, भ्रमण और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के नेतृत्व में 3 मई से पूरे उत्तर प्रदेश में गौ रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा का मुख्य उद्देश्य गौमाता को राष्ट्रमाता एवं राज्य माता का दर्जा दिलाना तथा गौवध पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराना है।
यह यात्रा 4 जून को फर्रुखाबाद जनपद पहुंचेगी और जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। यात्रा की व्यवस्थाओं और संचालन के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जिला संयोजक की जिम्मेदारी अंकित तिवारी को दी गई है, जबकि जिला सह संयोजक डॉ. दीपक द्विवेदी एडवोकेट बनाए गए हैं। भोजपुर विधानसभा संयोजक राजेश मिश्रा, सदर विधानसभा संयोजक रानू शुक्ला, अमृतपुर विधानसभा संयोजक अनमोल पाण्डेय तथा कायमगंज विधानसभा संयोजक गौरव मिश्र को नियुक्त किया गया है।
जानकारी दी गई कि यात्रा छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र से होते हुए भोजपुर विधानसभा में प्रवेश करेगी, जहां शंकराचार्य महाराज का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा जहानगंज, बघार तिराहा, शिवशक्ति मंदिर, सेंट्रल जेल चौराहा, फतेहगढ़ और फर्रुखाबाद नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी। गुरुगांव देवी मंदिर में श्रद्धालुओं से संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
इसके बाद यात्रा रोशनाबाद, शमसाबाद, फैजबाग और नवाबगंज होते हुए मोहम्मदाबाद स्थित दुबे कोल्ड स्टोरेज पहुंचेगी, जहां सभा आयोजित होने के साथ रात्रि विश्राम भी किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में मंडल संयोजक शेषनारायण त्रिवेदी, जिला संयोजक अंकित तिवारी, डॉ. दीपक द्विवेदी, राजेश मिश्रा, रानू शुक्ला व गौरव मिश्र सहित कई लोग मौजूद रहे। मंडल संयोजक शेषनारायण त्रिवेदी ने यात्रा से जुड़ी जानकारी साझा की।