गिरिजादेवी पी.जी. कॉलेज में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिलाधिकारी फर्रुखाबाद आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में गुरुवार को गिरिजादेवी पी.जी. कॉलेज, सकवाई मोहम्मदाबाद में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत द्वारा छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया तथा सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
एआरटीओ ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा माह का आयोजन 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। उन्होंने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि दिसंबर 2025 तक जनपद फर्रुखाबाद में 490 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 284 लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि दिसंबर 2024 तक 390 दुर्घटनाओं में 213 मौतें हुई थीं। उन्होंने बताया कि जनपद में लगभग 65 प्रतिशत दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन शामिल हैं तथा मृतकों में लगभग 60 प्रतिशत दोपहिया वाहन सवार होते हैं।
अपने संबोधन में एआरटीओ सुभाष राजपूत ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण लापरवाही है, जिसे नियंत्रित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें, ओवरलोडिंग न करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और गति को नियंत्रित रखें।
उन्होंने भारत सरकार द्वारा लॉन्च किए गए नेक्स्ट जेन एम परिवहन और डिजीलॉकर एप की जानकारी देते हुए बताया कि वाहन एवं ड्राइविंग लाइसेंस के प्रपत्र इलेक्ट्रॉनिक रूप में रखना वैध है। इसके माध्यम से चालान की स्थिति देखी जा सकती है और ऑनलाइन भुगतान भी किया जा सकता है। साथ ही वाहन बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र की वैधता की नियमित जांच करने की अपील की गई।
एआरटीओ ने बताया कि उत्तर प्रदेश में सभी नए वाहनों में हाई-सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाना अनिवार्य है। इसके अलावा वाहन की हेडलाइट, बैकलाइट, ब्रेकलाइट, इंडिकेटर, रियर व्यू मिरर सही स्थिति में रखने तथा रेट्रोरिफ्लेक्टिव टेप के प्रयोग पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा शालिनी गुप्ता द्वारा सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद मिली राजपूत एवं शालिनी गुप्ता द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रानी मिश्रा तथा रोड सेफ्टी क्लब के जिला संयोजक डॉ. आलोक बिहारी शुक्ला ने भी छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन का महत्व बताया। कार्यक्रम में पंकज चौधरी, संतोष हिल्स, पावस सहित कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।