गला रेतकर युवक की हत्या कर शव दफनाया, लाश बरामद, तीन गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) बीते लगभग एक सप्ताह पूर्व से लापता हुए युवक का शव जमीन में दफन मिला| पुलिस नें शव को बरामद कर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा| पोस्टमार्टम में गला रेतकर हत्या की पुष्टि हुई है| पुलिस नें मृतक के फुफेरे भाई सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया है|

दरअसल बीते 19 अप्रैल की रात को जनपद हरदोई के पाली कुआंडांडी निवासी सुनील कुमार का पुत्र दीपक कुमार अचानक गेंहू की रखवाली करते समय भरखा चौराहे से गायब हो गया था| सुनील नें अपने भांजे श्याम वीर पुत्र राधा कृष्ण निवासी सवितापुर के खिलाफ दीपक की हत्या करनें का शक जाहिर किया था| मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को आरोपी श्यामवीर नें बताया कि उन्होंने दीपक की हत्या कर शव सुन्दरपुर कटरी में गंगा में प्रवाहित कर दिया| जिसके बाद पुलिस ने दो चरणों में गंगा में गोताखोरों की मदद से शव की तलाश की लेकिन शव नही मिला| जब पुलिस ने सर्विलांस का सहारा लिया तो दो
युवक और संदेह के घेरे में आये| पुलिस ने दोनों युवक को हिरासत में ले लिया| दोनों श्यामवीर के दोस्त है| जब पुलिस ने श्यामवीर के दोनों दोस्तों से पूंछतांछ की तो उनकी निशान देही पर सुंदरपुर कटरी से जमीन में दफन दीपक का शव बरामद कर लिया| दीपक का शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया| मृतक की माँ सुनीता देवी आदि का रो-रो कर बुरा हाल हो गया| मृतक पांच भाईयों से सबसे बड़ा था| सीओ अजय वर्मा, प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह सोलंकी, फिल्ड यूनिट मौके पर पंहुची| पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा| शव का पोस्टमार्टम डॉ. विपिन सिंह ने किया| पोस्टमार्टम में दीपक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किये जानें की पुष्टि हुई| शव की कमर व दाहिने हाथ में भी रस्सीबंधी थी | सीओ अमृतपुर अजय वर्मा ने बताया कि मामले में आरोपी श्यामवीर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है|