गर्मी से बुरा हाल,अब तो जीना भी हुआ मुहाल

0
240

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सूर्य की किरणों ने इन दिनों रौद्र रूप धारण कर रखा है, आसमान आग उगल रहा है। भीषण गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। लू के थपेड़ों से जनमानस परेशान है। दोपहर में तो सड़कों पर सन्नाटा सा नजारा दिख रहा है। पिछले दो सप्ताह से प्रचंड गर्मी है। रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री लगभग रिकार्ड किया गया है। वहीं दूसरी ओर अस्पताल में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। प्रतिदिन 300 से 350 लोग इलाज कराने पहुंच रहे है। मौसमी बीमारी से बचने के लिए स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने एडवाइजरी भी जारी कर रखा है। इतना ही नही बैनर व होडिंग के माध्यम से लू से बचने के लिए घरेलू उपाय बताकर जागरूक कर रहे है। गर्मी का पारा बढ़ते ही बिजली की कटौती भी शुरू हो गई है। जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। जिले के सुदूरवर्ती प्रखंडो में महज तीन से चार घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। इधर मौसम के जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होगा।सुबह के सात बजे से लेकर चार बजे तक सूर्य का प्रभाव इतना अधिक हो रहा है कि लोग निकल नहीं पा रहे है। भीषण गर्मी के कारण छोटे-बड़े नदी व तालाब सूखने के कागार पर है या लगभग सारे सूख गए है| भीषण गर्मी का अंदाजा महज इस बात से लगा सकते हैं कि सुबह के नौ बजते ही जमीन पूरी तरह से तपने लगती है और इसका असर शाम ढलने तक रहता है। इधर जैसे-जैसे गर्मी की तपिश बढ़ रही है, वैसे वैसे जलस्तर भी नीचे जा रहा है। जो कि एक चिंतनीय विषय है|

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]