गंगा के गहरे पानी में युवक डूबा

0
162

फर्रुखाबाद:(शमसाबाद संवाददाता) घर-घर पानी पहुंचाने की योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने का काम करने वाला प्लंबर गंगा स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से डूब गया। दोस्तों की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोर से उसकी खोज शुरू कराई। शाम तक गोताखोरों को उसको खोजने में सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों में कोहराम मचा रहा।

[adrotate banner="3"]


जिला रायबरेली के थाना कसबा गदागंज निवासी रामकिशोर साहू का 22 वर्षीय पुत्र अभिषेक प्लंबर का काम करता था। शमसाबाद क्षेत्र के गांव समैचीपुर चितार में गांव गांव में पानी की टंकी का निर्माण और पाइप लाइन से घर-घर पानी पहुंचाने की योजना के तहत पाइप लाइन डाली जा रही है। अभिषेक पाइप लाइन डालने का काम करने आया था। वह अन्य कर्मचारियों के साथ पंचायत घर में रहता था। गुरुवार सुबह वह दोस्तों के साथ ढाईघाट पर गंगा स्नान करने गया। गंगा नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देखकर दोस्तों ने शोर मचाया। जब तक आसपास के लोग आए, तब तक वह डूब गया था। दोस्तों ने घटना की जानकारी पुलिस और उसके परिजनों को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोर को बुलाकर डूबे युवक की खोज शुरू कराई, शाम तक युवक को खोज कर निकालने में गोताखोर फेल हो गए। प्रधान ताराबानों के पुत्र रिजवान भी मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी पर परिजन भी आ गए। वह रोते बिलखते रहे। छोटे भाई आनंद ने बताया कि भाई अभिषेक प्लंबर का काम करता था। पिता रायबरेली में टेंपो चलाते हैं। अभिषेक सबसे बड़ा थाई था। अब वह और उसकी छोटी बहन महक रह गई है। मां उर्मिला देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। दरोगा अमित कुमार ने बताया कि गोताखोरों से युवक की तलाश कराई जा रही है।

[adrotate banner="2"]