खेत पर लकड़ी लेने गई वृद्धा की हत्या, जेवर और नकदी गायब

0
20

फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम भगौरा में सोमवार दोपहर खेत पर लकड़ी लेने गई 75 वर्षीय वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। उनका शव खेत में पड़ा मिला। महिला के नाक और कान के आभूषण तथा करीब छह से सात हजार रुपये की नकदी गायब होने से लूट के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।ग्राम भगौरा निवासी स्वर्गीय रामविलास की पत्नी राममूर्ति देवी सोमवार दोपहर करीब एक बजे लकड़ी लेने अपने खेत पर गई थीं। दोपहर करीब 2:40 बजे उनका छोटा पुत्र नन्हे अपने भतीजे ऋषभ पुत्र आसाराम के साथ खेत की ओर पहुंचा। वहां मां को जमीन पर पड़ा देखकर वह घबरा गया। पास जाकर देखा तो उनके गले से खून निकल रहा था और जीभ बाहर निकली हुई थी। उसके शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग भी मौके पर पहुंच गए।घटनास्थल पर महिला का शव खेत में पड़ा था। पास में लकड़ी काटने वाला टकोरा रखा हुआ था। उनकी चप्पलें अस्त-व्यस्त पड़ी थीं और ठोड़ी के पास खून लगा था। परिजनों के मुताबिक महिला के कानों के कुंडल, नाक का फूल और उनके पास रखे करीब छह से सात हजार रुपये गायब थे। मृतका के पांच पुत्र रामशरण, आसाराम, मुकेश, मानसिंह और नन्हे हैं। सभी खेती-किसानी करते हैं। उनकी दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूचना पर पहुंची पीआरवी ने नवाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार को घटना की जानकारी दी। उन्होंने वरिष्ठ उपनिरीक्षक गीतम सिंह को मौके पर भेजा। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]