फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार बिजली के खंभों से टकरा गई। हादसे में अलीगढ़ से शादी समारोह में शामिल होने आ रहे दो युवक घायल हो गए, जबकि बिजली के खंभे और ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने से शहर के बड़े हिस्से की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
घायलों की पहचान अलीगढ़ जनपद के दादो थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी21 वर्षीय विक्रम कुमार पुत्र नीरज कुमार 22 वर्षीय योगेश कुमार पुत्र राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों कार से अलीगढ़ से मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के बीबीगंज चौकी अंतर्गत नेकपुर खुर्द स्थित सुमन गार्डन में आयोजित शादी समारोह में जा रहे थे। दुर्घटना अर्रा पहाड़पुर सब्जी मंडी के सामने हुई। सूचना मिलते ही बीबीगंज चौकी के
कांस्टेबल सौरभ व नितिन कुमार मौके पर पहुंचे व घायलों को तत्काल एक निजी चिकित्सालय भिजवाया गया। दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के दौरान कार बिजली के खंभों से टकरा गई, जिससे जसमई फीडर की लाइन बाधित हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक खंभा और ट्रांसफॉर्मर टूटकर गिर पड़े। इससे आसपास के इलाकों में कई घंटों तक अंधेरा छाया रहा। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) मासूम अली ने बताया कि आवश्यक मरम्मत कार्य के बाद लगभग एक घंटे में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। साथ ही क्षति के संबंध में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि दुर्घटना में दोनों युवकों को हल्की चोटें आई हैं। यदि बिजली विभाग की ओर से तहरीर दी जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




