केवाईसी फार्म अब 31 दिसंबर तक भरे जा सकेंगे

एलपीजी ग्राहकों द्वारा अपने ग्राहक को जानो (केवाईसी) फार्म भरने की समयसीमा 31 दिसंबर तक के लिये बढ़ा दी गयी है। पहले यह फार्म जमा करने की समयसीमा 15 नवंबर थी जिसे बाद में बढ़ाकर 30 नवंबर कर दिया गया था। एक ही पते पर कई रसोई गैस कनेक्शन या फर्जी एलपीजी कनेक्शन समाप्त करने की देशव्यापी मुहिम के तहत सरकार ने ग्राहकों द्वारा केवाईसी फार्म जमा करने की योजना शुरू की है।
पेट्रोलियम मंत्रालय कह ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि अब केवाईसी फार्म भरने की समयसीमा एक महीने बढ़ाकर 31 दिसंबर करने का निर्णय किया है। सरकार ने सितंबर में प्रत्येक परिवार को साल में सब्सिडीयुक्त छह सिलेंडर देने का निर्णय किया। इसी के तहत एक ही पते पर कई एलपीजी कनेक्शन को खत्म करने की मुहिम शुरू की गयी है। यह भी स्पष्ट किया गया कि उन्हीं लोगों को केवाईसी फार्म जमा करने की जरूरत है जो संदिग्ध परिवार की सूची में शामिल हैं।