कार सवार युवक की गोली मारकर हत्या मामले में डीआईजी ने परखी व्यवस्था

0
51

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बीते दिन थाना कादरी गेट क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे स्थित गंगा ढाबा के निकट कार सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के समय युवक अपनी पत्नी और दो वर्षीय बेटे के साथ कार से यात्रा कर रहा था। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद निवासी प्रापर्टी डीलर 32 वर्षीय अरुण कुमार सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह हुड्डा अपनी पत्नी राखी तथा दो वर्षीय पुत्र जयंत के साथ निजी कार से वाराणसी से लौट रहे थे। एक्सप्रेसवे होते हुए शाहजहांपुर की ओर से इटावा-बरेली हाईवे पर पहुंचने के बाद उन्होंने गंगा ढाबा के पास स्थित पंकज किराना स्टोर पर बच्चे के लिए चॉकलेट और अपने लिए कोल्ड ड्रिंक खरीदने के उद्देश्य से कार रोकी।मृतक की पत्नी राखी ने बताया कि जैसे ही कार रुकी, पीछे से बिना नंबर प्लेट की एक कार आकर रुकी। उसमें सवार दो लोगों ने अरुण सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगने से अरुण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना कादरी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अभय श्रीवास्तव ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पर सीओ सिटी, अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मृतक की पत्नी से घटना की जानकारी ली। राखी ने पुलिस को बताया कि वह 24 जुलाई को फरीदाबाद से वाराणसी गई थीं और वापस लौटते समय यह वारदात हुई। उन्होंने बताया कि उनका परिवार फरीदाबाद के ग्राम दयालपुर, थाना चंद्रावली का मूल निवासी है।घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। देर रात ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगा दी गईं। डीआईजी यमुना प्रसाद ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक की पत्नी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई है। डीआईजी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस, एसओजी सहित पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]