कांग्रेसियों ने की केजरीवाल के मंच पर चढ़कर विरोध करने की घोषणा

0
100

फर्रुखाबाद: अरविंद केजरीवाल की सभा में अब महज एक दिन शेष रह गया है। आईएसी व कांग्रेस अपने अपने कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरी ताकत झोंक रही है। आई ए सी जहंा केजरीवाल की सभा स्थल पर तकरीबन 25 हजार श्रोताओं के आने की बात कर रही है तो वहीं कांग्रेस अरविंद केजरीवाल को शहर में न घुसने देने की घोषणा कर रही है। इस दौरान कांग्रेस ने सीधा ऐलान कर दिया कि कांग्रेस कार्यकर्ता केजरीवाल के मंच पर चढ़कर उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।

[adrotate banner="3"]

विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के प्रतिनिधि के तौर पर फर्रुखाबाद आये फरीद चुकताई ने कांग्रेसियों के साथ एक बैठक की। जिसमें कांग्रेसियों ने केजरीवाल की सभा में विघ्न डालने की योजना बनायी।

शहर अध्यक्ष पुन्नी शुक्ला ने सख्त लहजे में ऐलान कर दिया कि वह अरविंद केजरीवाल की 1 नवम्बर को होने वाली सभा में जिलाध्यक्ष आफताब हुसैन के साथ मंच पर चढ़कर विरोध करेंगे। चाहें इसके लिए उनकी जान ही क्यों न चली जाये। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह इस सम्बंध में जेल जाने के लिए भी तैयार हैं। इस बात पर जिलाध्यक्ष आफताब हुसैन ने भी अपनी सहमति जतायी। पुन्नी शुक्ला ने कहा कि अपनी ईमानदारी और कर्मठता दिखाने के लिए अरविंद अन्य राजनैतिक नेताओं व पार्टियों पर आरोप लगा रहे हैं। वह सलमान के बढ़ते हुए कद से परेशान हैं।

वे जो हम पर इल्जाम लगाते बहुत हैं, खुद अपनी गलियों में बदनाम बहुत हैं

शायराना अंदाज में सलमान खुर्शीद के प्रतिनिधि अनिल मिश्रा ने कहा कि केजरीवाल दूसरों पर आरोप लगाकर भ्रष्ट बता रहे हैं वह खुद कितने ईमानदार हैं इसका पहले उन्हें जबाव देना होगा। उन्होंने कहा कि सलमान खुर्शीद के आगे अभी अरविंद अबोध हैं।

कौशलेन्द्र सिंह लालू ने कहा कि सलमान खुर्शीद पर आरोप लगाने वाले अरविंद केजरीवाल को फर्रुखाबाद आने पर काले झण्डे व गुब्बारे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा। अगर अरविंद केजरीवाल ईमानदार थे तो फिर अन्ना ने उन्हें क्यों छोड़ दिया। कांग्रेस नेता नफीश हुसैन ने कहा कि अरविंद केजरीवाल मनमुताबिक हर व्यक्ति पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। वह यह भूल रहे हैं कि हिन्दुस्तान को आजाद कराने में कांग्रेस की मुख्य भूमिका रही। पहले वह इस बात का जबाव दें कि सरकारी नौकरी में होने के साथ साथ उन्होंने एनजीओ क्यों बनाया और करोड़ों रुपये का विदेशी धन एनजीओ के नाम पर लेकर कहां खर्च किया।

बैठक के दौरान अरविंद केजरीवाल के विरोध का ही मामला छाया रहा। फरीद चुकताई ने स्पष्ट रूप से कह दिया कि जहां एक तरफ केजरीवाल के समर्थक उनके नाम की टोपी लगा रहे हैं कांग्रेसियों ने भी इसके लिए कमर कस ली है। हजारों की संख्या में कांग्रेसी टोपी मंगायी गयीं हैं। यह पूछे जाने पर कि टोपी व मुखौटों की संख्या कितनी है, फरीद कन्नी काट गये। फिलहाल आम जनता आने वाले एक तारीख को किसकी टोपी पहनेगी, अरविंद या सलमान यह फैसला अब जनता के हाथ में है। आरोपों और प्रत्यारोपों के साथ ही अब जनता को टोपी पहनाने का खेल भी शुरू हो गया है।

इस दौरान राकेश सागर, इकलाख खान, जीतू मिश्रा, परवीन बेगम, अलादीन, सीता मिश्रा, दिनेश अग्निहोत्री, नफीस हुसैन, प्रदीप राठौर, वसीमुज्जमा खां, संजीव मिश्रा, पुष्प पाल राजपूत आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।

[adrotate banner="2"]