फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कल्पवास के दौरान गंगा स्नान के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से शाहजहांपुर और हरदोई जनपद की दो वृद्ध महिलाओं की मौत हो गई। दोनों घटनाओं से मेला क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
पहली घटना जनपद शाहजहांपुर के थाना अल्लाहगंज अंतर्गत ग्राम बथुआ निवासी 72 वर्षीय लिलकोरा सक्सेना पत्नी स्वर्गीय लालसहाय
की है। वह अपने पुत्र गोवर्धन सक्सेना के साथ 3 जनवरी 2026 को सीडी नंबर-1 बाबा रामदास घाट पर कल्पवास करने आई थीं। बुधवार सुबह गंगा स्नान के बाद उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुत्र द्वारा मेले में मौजूद चिकित्सक से दवा मंगाकर दी गई, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मृतका के अन्य पुत्र रामप्रकाश
और अशोक भी मौके पर पहुंच गए। मां की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
दूसरी घटना जनपद हरदोई के थाना पचदेवरा अंतर्गत ग्राम लखनौर निवासी 75 वर्षीय निर्मला पत्नी राम सहारे की है। वह सीडी नंबर-3 पर अपनी बड़ी बहन उर्मिला के साथ कल्पवास कर रही थीं। सुबह गंगा स्नान के बाद उनकी भी तबीयत बिगड़ गई। बहन उर्मिला उन्हें करीब 11
बजे लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां उपचार के दौरान दोपहर लगभग 1:30 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
दोनों महिलाओं की मौत के बाद परिजन शवों को अपने साथ ले गए। मेला थाना प्रभारी भोलेन्द्र चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों वृद्ध महिलाओं की मृत्यु बीमारी के कारण हुई है। परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से इनकार किए जाने के चलते मामले में कोई लिखापढ़ी नहीं की गई।
कल्पवास कर रहीं दो वृद्ध महिलाओ की मौत
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]


